Trump Iran Ceasefire Plan: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कथित तौर पर ईरान के सात दिन के युद्धविराम प्रस्ताव को खारिज कर दिया है। द वॉल स्ट्रीट जर्नल के मुताबिक, ट्रंप को भरोसा नहीं है कि तेहरान उनकी मांगें मानेगा और नवंबर में अमेरिकी मध्यावधि चुनाव के बाद ईरान पर फिर बमबारी की संभावना है।
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने शुक्रवार को संयुक्त राष्ट्र में कहा था कि कतर के जरिए अमेरिका को सात दिन की योजना भेजी गई है। इसके तहत अमेरिकी नौसैनिक नाकाबंदी हटाने, तेल प्रतिबंधों में छूट और लेबनान को शामिल करने वाले युद्धविराम के बदले ईरान सात दिन में स्ट्रेट ऑफ होर्मुज खोल देगा और परमाणु वार्ता फिर शुरू करेगा।
होर्मुज को लेकर ट्रंप का रुख
अराघची ने कहा कि समझौते के लिए अमेरिका की गंभीरता दिखने पर होर्मुज में सामान्य समुद्री आवाजाही बहाल करने की तैयारी है। उन्होंने साफ किया कि ईरान दबाव या धमकी में अपने संप्रभु अधिकार नहीं छोड़ेगा। ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर होर्मुज का नक्शा साझा कर उसे “Trump Strait” भी बताया।
जून का समझौता हुआ था विफल
यह प्रस्ताव जून में हुए 14 सूत्रीय समझौते जैसा है। 17 जून को ट्रंप और ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन के समझौते में तत्काल सैन्य कार्रवाई रोकने और 60 दिनों में अंतिम समझौते की दिशा में बढ़ने की बात थी। लेकिन 8 जुलाई को ट्रंप ने इसे खत्म बताया और ईरान ने भी अमेरिका पर प्रतिबद्धताएं तोड़ने का आरोप लगाते हुए एक सप्ताह बाद समझौता निलंबित कर दिया। व्हाइट हाउस ने शुक्रवार को कहा कि अमेरिकी अधिकारी मध्यस्थों से सकारात्मक और रचनात्मक बातचीत कर रहे हैं।
ये भी पढ़े: UN में जयशंकर का पाकिस्तानी पत्रकार को जवाब, बोले- ‘एक आतंकी देश मुझसे ये सवाल पूछ रहा है’

