Trump Saudi Houthi Conflict: अमेरिका और सऊदी अरब के बीच यमन में हूती विद्रोहियों को लेकर बातचीत सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने पिछले हफ्ते राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से दो बार फोन पर बात की। इस दौरान उन्होंने हूतियों के खिलाफ सैन्य कार्रवाई की मांग की, लेकिन ट्रंप ने इसे ठुकरा दिया।
यमन में फिर तेज हुआ संघर्ष
यह रिपोर्ट ऐसे वक्त सामने आई है, जब यमन में हूती विद्रोहियों और सरकारी बलों के बीच संघर्ष एक बार फिर बढ़ गया है। शनिवार को सऊदी समर्थित यमन सरकार के बलों ने दावा किया कि उन्होंने लाल सागर के तटीय शहर मोखा के आसपास हूती ठिकानों को निशाना बनाया। पिछले कुछ दिनों में हूतियों ने लाल सागर के तट के कई हिस्सों पर कब्जा करने और बाब अल-मंदेब स्ट्रेट पर अपनी पकड़ मजबूत करने का दावा किया है।
हूतियों के हमले में दो लोग घायल
हूतियों ने दावा किया है कि उन्होंने लाल सागर में सऊदी अरब के बंदरगाहों की नौसैनिक नाकेबंदी कर दी है। इस बीच शनिवार रात सऊदी अधिकारियों के मुताबिक, हूतियों की ओर से दागा गया एक प्रोजेक्टाइल सीमा के पास के इलाके में गिरा, जिसमें दो लोग घायल हो गए। हमले में एक मस्जिद के अलावा कई इमारतों और वाहनों को भी नुकसान पहुंचा है।

