Tusshar Kapoor Extortion Threat: बॉलीवुड अभिनेता तुषार कपूर से लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि उन्हें हैरी बॉक्सर के नाम से फोन कर धमकी दी गई। कॉल मिलने के बाद अभिनेता ने तुरंत मुंबई पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, शुरुआती जांच में कॉल करने वाले की आवाज हैरी बॉक्सर के उपलब्ध ऑडियो सैंपल से मेल नहीं खाई। ऐसे में पुलिस को शक है कि किसी शरारती तत्व ने गैंग का नाम लेकर अभिनेता को डराने की कोशिश की है।
एंटी एक्सटॉर्शन सेल और क्राइम ब्रांच को सौंपी गई जांच
जानकारी के मुताबिक, कॉल करने वाले ने कथित तौर पर खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताया और 5 करोड़ रुपये की मांग की। बातचीत के दौरान हैरी बॉक्सर का नाम भी लिया गया। शिकायत मिलने के बाद मुंबई पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच एंटी एक्सटॉर्शन सेल और क्राइम ब्रांच को सौंप दी। पुलिस अब कॉल करने वाले की पहचान और धमकी के पीछे की वजह का पता लगा रही है।
हैरी बॉक्सर के ऑडियो सैंपल से नहीं मिली आवाज
क्राइम ब्रांच की तकनीकी टीम ने धमकी भरे कॉल की रिकॉर्डिंग की जांच की। इसमें सुनाई देने वाली आवाज का पुलिस के पास मौजूद हैरी बॉक्सर के आधिकारिक ऑडियो सैंपल से मिलान कराया गया, लेकिन दोनों आवाजें मेल नहीं खाईं। मुंबई पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती जांच में कॉल फर्जी होने का संदेह है।
धमकी देने वाले की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस अब उस शख्स की पहचान करने में जुटी है, जिसने कथित तौर पर धमकी भरा कॉल किया था। जांच टीम कॉल से जुड़े तकनीकी साक्ष्यों और डिजिटल इनपुट की पड़ताल कर रही है। फिलहाल हैरी बॉक्सर की संलिप्तता की पुष्टि नहीं हुई है। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा कि 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के पीछे कौन है और इस मामले का बिश्नोई गैंग से कोई वास्तविक संबंध है या नहीं।
ये भी पढ़े:

