होम = News Big = UGC-NET के 3 विषयों की फिर होगी परीक्षा, NTA ने घोषित की तारीखें; NEET के बाद इस साल दूसरी परीक्षा रद्द

UGC-NET के 3 विषयों की फिर होगी परीक्षा, NTA ने घोषित की तारीखें; NEET के बाद इस साल दूसरी परीक्षा रद्द

UGC NET June 2026 Retest: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने UGC NET जून 2026 के इंग्लिश, कॉमर्स और सोशियोलॉजी विषयों की परीक्षा दोबारा कराने का ऐलान किया है। जून सत्र की परीक्षा 22 से 30 जून और री-टेस्ट 5 जुलाई को 87 विषयों के लिए आयोजित किया गया था। यह परीक्षा JRF, असिस्टेंट प्रोफेसर की पात्रता और PhD में दाखिले के लिए होती है।

3 विषयों में मिलीं कई खामियां

NTA के मुताबिक, इन तीनों पेपर को लेकर कई शिकायतें मिली थीं। जांच के लिए गठित समिति ने अपनी रिपोर्ट में तथ्यात्मक, टाइपिंग और अनुवाद संबंधी गलतियां, प्रमुख विद्वानों के नामों की गलत स्पेलिंग, किताबों के बिगड़े शीर्षक, प्रश्नों की गलत भाषा, व्याकरण, जेंडर-नंबर एग्रीमेंट और विराम चिह्नों की गलतियां पाईं। कुछ स्थापित अवधारणाओं के लिए गैर-मानक शब्दों का इस्तेमाल और पहले पूछे जा चुके कई सवालों की पुनरावृत्ति भी सामने आई। समिति ने निष्पक्ष और त्रुटिरहित परीक्षा के लिए इन तीनों विषयों का री-एग्जाम कराने की सिफारिश की थी।

इस तारीख को होगी दोबारा परीक्षा

  • इंग्लिश: 9 सितंबर 2026, शिफ्ट-1, सुबह 9 से दोपहर 12 बजे
  • कॉमर्स: 9 सितंबर 2026, शिफ्ट-2, दोपहर 3 से शाम 6 बजे
  • सोशियोलॉजी: 10 सितंबर 2026, शिफ्ट-1, सुबह 9 से दोपहर 12 बजे

एग्जाम सिटी, सेंटर और एडमिट कार्ड की जानकारी NTA की वेबसाइट पर अलग से जारी की जाएगी। तीनों विषयों के अभ्यर्थियों से री-एग्जाम के लिए कोई अतिरिक्त फीस नहीं ली जाएगी।

84 विषयों का आंसर की जारी

NTA ने 84 विषयों की प्रोविजनल आंसर की PDF जारी कर दी है। इन विषयों के UGC NET 2026 रिजल्ट तय कार्यक्रम के अनुसार घोषित होंगे। NTA ने स्पष्ट किया है कि तीन विषयों की दोबारा परीक्षा के कारण इन 84 विषयों के JRF सीट आवंटन और ई-सर्टिफिकेट जारी करने में देरी नहीं होगी।

ये भी पढ़े: ओडिशा: बाढ़ का संकट गहराया, 5.15 लाख प्रभावित; IMD का रेड अलर्ट, 2.37 लाख सुरक्षित निकाले गए