Friday, Nov 13

होम = Cover Story Global = ब्रिटेन में 13 साल की बच्ची से रेप के मामले में पाकिस्तानी मूल के 3 दोषी करार, दो आरोपी इस्लामाबाद फरार!

ब्रिटेन में 13 साल की बच्ची से रेप के मामले में पाकिस्तानी मूल के 3 दोषी करार, दो आरोपी इस्लामाबाद फरार!

by | Nov 13, 2026 | Cover Story Global

UK Rape Case: ब्रिटेन में नाबालिग बच्ची के साथ रेप और यौन शोषण के एक पुराने मामले में पाकिस्तानी मूल के तीन लोगों को दोषी ठहराया गया है। यह मामला 2008 से 2010 के बीच उत्तरी इंग्लैंड के रोथरहैम में हुई घटनाओं से जुड़ा है। शेफील्ड क्राउन कोर्ट ने गुरुवार को तीनों आरोपियों को दोषी करार दिया। इनमें से दो आरोपी मुकदमे की सुनवाई से पहले पाकिस्तान भाग गए थे। अब ब्रिटेन की नेशनल क्राइम एजेंसी (NCA) उनकी तलाश कर रही है।

तीनों आरोपियों को अलग-अलग मामलों में दोषी ठहराया

अदालत ने 37 वर्षीय मुदस्सर हुसैन को रेप के 12 मामलों में दोषी पाया। वहीं, 37 वर्षीय कामिर इफजल खान को रेप के दो मामलों और यौन शोषण के लिए तस्करी के एक मामले में दोषी ठहराया गया। तीसरे आरोपी 42 वर्षीय गजनफर हुसैन को रेप के एक मामले में दोषी पाया गया है। NCA के मुताबिक, मुदस्सर हुसैन और कामिर खान मुकदमे से पहले पाकिस्तान भाग गए थे। इसलिए अदालत ने दोनों की गैरमौजूदगी में फैसला सुनाया। तीसरे आरोपी गजनफर हुसैन को हिरासत में भेज दिया गया है और उसकी सजा पर सुनवाई होनी बाकी है।

शराब, गांजा और गिफ्ट देकर बच्ची को फंसाया

अदालत में बताया गया कि मुदस्सर और कामिर ने अलग-अलग समय पर 13 साल की बच्ची को अपने जाल में फंसाया। उन्होंने उसे शराब, गांजा और उपहार देकर उसका यौन शोषण किया। अभियोजन पक्ष के मुताबिक, गजनफर ने अन्य दोनों आरोपियों की तरह बच्ची को ग्रूम नहीं किया, लेकिन उसकी कमजोर स्थिति का फायदा उठाकर उसके साथ रेप किया। जांच एजेंसी के अनुसार, पीड़िता अब 30 साल से अधिक उम्र की है। जांच के दौरान NCA ने उससे संपर्क किया था, जिसके बाद उसने 2008 से 2010 के बीच हुए यौन शोषण की जानकारी दी।

करीब 18 महीने तक बच्ची का शोषण करता रहा मुदस्सर

पीड़िता की मुलाकात सबसे पहले मुदस्सर हुसैन से रोथरहैम के एक घर में हुई थी। वह उसे 'मड्डी' नाम से जानती थी। अदालत को बताया गया कि मुदस्सर ने करीब 18 महीने तक कई बार उसका यौन शोषण किया। ये घटनाएं एक घर, सार्वजनिक स्थानों और उसकी कार में हुई थीं। पीड़िता ने जांच अधिकारियों को बताया कि मुदस्सर उसे डराने के लिए हिंसा का इस्तेमाल करता था। उसने उसे बेसबॉल बैट से धमकाया भी था। कुछ समय बाद मुदस्सर ब्रिटेन छोड़कर चला गया। इसी दौरान पीड़िता की मुलाकात एक दोस्त के साथ बाहर जाने पर मुदस्सर के भाई गजनफर से हुई। उस समय उसे यह जानकारी नहीं थी कि गजनफर, मुदस्सर का भाई है। गजनफर को 'गुच्ची' नाम से जाना जाता था।

टेकअवे दुकान पर कामिर ने बनाया निशाना

NCA के मुताबिक, बाद में पीड़िता और उसकी कुछ दोस्त एक स्थानीय टेकअवे दुकान पर जाने लगीं। यहीं कामिर इफजल खान ने उसे अपने जाल में फंसाया। अभियोजन पक्ष की विशेषज्ञ वकील मेलिसा गार्नर ने अदालत में बताया कि मुदस्सर और कामिर ने शराब, नशीले पदार्थों और उपहारों के जरिए कमजोर स्थिति में मौजूद बच्ची को अलग-अलग समय पर अपने जाल में फंसाया। इसके बाद 2008 से 2010 के बीच रोथरहैम की अलग-अलग जगहों पर उसके साथ कई बार रेप किया। गार्नर के मुताबिक, गजनफर ने भी मौका मिलने पर पीड़िता की कमजोर स्थिति का फायदा उठाया। इस पूरे शोषण के कारण पीड़िता को गंभीर और लंबे समय तक रहने वाला नुकसान हुआ है।

पाकिस्तान भागे आरोपियों की तलाश में जुटी NCA

ऑपरेशन स्टोववुड के प्रमुख फिलिप मार्शल ने कहा कि मुदस्सर हुसैन और कामिर खान ने न्याय से बचने की कोशिश की है। एजेंसी उन्हें पकड़ने के लिए ब्रिटेन और विदेशों में जांच कर रही है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि अगर किसी के पास दोनों आरोपियों के ठिकाने से जुड़ी कोई जानकारी है तो वह जांच एजेंसी को उपलब्ध कराए। उनके मुताबिक, छोटी से छोटी जानकारी भी आरोपियों तक पहुंचने में मददगार हो सकती है। NCA ने बताया कि जांच के दौरान पीड़िता के बयानों के आधार पर आरोपियों, उनकी गाड़ियों और घटनास्थलों की पहचान की गई। इसके अलावा गवाहों के बयान, फोन रिकॉर्ड और दस्तावेज भी जुटाए गए। इन सबूतों ने आरोपियों को पीड़िता, गाड़ियों और घटनास्थलों से जोड़ने में मदद की। एजेंसी ने मार्च 2025 में आरोपियों को गिरफ्तार कर उन पर मुकदमा चलाया था।

क्या है ऑपरेशन स्टोववुड?

ऑपरेशन स्टोववुड ब्रिटेन की नेशनल क्राइम एजेंसी की एक बड़ी जांच है। इसके तहत दक्षिण यॉर्कशायर में 1997 से 2013 के बीच बच्चों के यौन शोषण और यौन उत्पीड़न से जुड़े मामलों की जांच और अभियोजन किया जा रहा है। इस मामले में पीड़िता ने वयस्क होने के बाद अपने साथ हुए शोषण की जानकारी दी थी। इसके बाद जांच आगे बढ़ी और तीनों आरोपियों को दोषी ठहराया गया।

ये भी पढ़ें: संभल में 24 कोसीय परिक्रमा के लिए उमड़ा आस्था का सैलाब, 52 KM के रास्ते पर 450 पुलिसकर्मी तैनात