UP Government News: उत्तर प्रदेश में रविवार देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल देखने को मिला। शासन ने 14 IAS और 34 PCS अधिकारियों के तबादले करते हुए कई अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदल दी हैं। तबादला सूची में तीन जिलों के मुख्य विकास अधिकारी (CDO) के अलावा कई अपर आयुक्त, अपर जिलाधिकारी (ADM), उपजिलाधिकारी (SDM) और नगर निगम के अधिकारी भी शामिल हैं।
सहारनपुर और लखीमपुर खीरी के CDO बदले
सहारनपुर के CDO सुमित राजेश महाजन को उत्तर प्रदेश स्टार्ट-अप मिशन का मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) बनाया गया है। उनकी जगह राज्य कर विभाग के अपर आयुक्त डॉ. सुनील कुमार वर्मा को सहारनपुर का नया CDO नियुक्त किया गया है। वहीं, लखीमपुर खीरी के CDO अभिषेक कुमार को आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग में विशेष सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी जगह अयोध्या में अपर जिलाधिकारी (नगर) के पद पर तैनात योगानन्द पाण्डेय को लखीमपुर खीरी का नया CDO बनाया गया है।
अम्बेडकर नगर के CDO की भी बदली जिम्मेदारी
अम्बेडकर नगर के CDO आनन्द कुमार शुक्ला को विशेष सचिव रेशम विभाग के साथ निदेशक रेशम का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं, कुशीनगर के अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) वैभव मिश्रा को अम्बेडकर नगर का नया मुख्य विकास अधिकारी नियुक्त किया गया है।
राजस्व परिषद और कई विभागों में भी बदलाव
प्रयागराज स्थित राजस्व परिषद में भी अहम फेरबदल किया गया है। सदस्य (न्यायिक) साहब सिंह को सचिवालय प्रशासन विभाग का सचिव बनाया गया है, जबकि डॉ. विश्राम और देवेंद्र कुमार सिंह कुशवाहा को राजस्व परिषद में सदस्य (न्यायिक) की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, आईटी विभाग के विशेष सचिव राहुल सिंह को लोक निर्माण विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है। युवा कल्याण के संयुक्त निदेशक अशोक कुमार कनौजिया को माध्यमिक शिक्षा विभाग का विशेष सचिव और अलीगढ़ मंडल के अपर आयुक्त अरुण कुमार को ग्राम्य विकास विभाग का विशेष सचिव बनाया गया है।
काशी विश्वनाथ मंदिर के CEO भी बदले
वाराणसी स्थित श्री काशी विश्वनाथ मंदिर एवं विशिष्ट क्षेत्र विकास परिषद के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) विश्वभूषण मिश्रा का भी तबादला किया गया है। उन्हें अब उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) में उपसचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
34 PCS अफसरों के भी तबादले
IAS अधिकारियों के साथ 34 PCS अधिकारियों की तैनाती में भी बदलाव हुआ है। इनमें कई जिलों के ADM, SDM और नगर निकायों के अधिकारी शामिल हैं। गाजियाबाद के अपर नगर आयुक्त जंग बहादुर यादव को ग्राम्य विकास आयुक्त कार्यालय में संयुक्त आयुक्त (प्रशासन) बनाया गया है, जबकि बरखा सिंह को वाराणसी नगर निगम का अपर नगर आयुक्त नियुक्त किया गया है। इसके अलावा प्रयागराज, गौतमबुद्धनगर, हापुड़, आजमगढ़, देवरिया, कासगंज, एटा, जालौन, मुजफ्फरनगर समेत कई जिलों में ADM और SDM स्तर के अधिकारियों की नई तैनाती की गई है। तबादलों में राजस्व, नगर विकास, ग्राम्य विकास, खाद्य एवं रसद और चकबंदी समेत कई विभागों में जिम्मेदारियां बदली गई हैं।

