SP Congress Alliance: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सियासी हलचल तेज हो गई है। दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर 17 नवंबर को अहम बैठक होने जा रही है। जानकारी के मुताबिक, इस बैठक में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आमने-सामने बैठकर चर्चा करेंगे। इसमें गठबंधन के तहत सीट शेयरिंग के फॉर्मूले पर मंथन होगा।
सीट बंटवारे के फॉर्मूले पर होगी चर्चा
आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए सपा और कांग्रेस के बीच यह बैठक काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। दोनों पार्टियां गठबंधन के तहत कितनी-कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेंगी, इस पर विस्तार से बातचीत होगी। 17 नवंबर को होने वाली मुलाकात को सीटों के तालमेल की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
सपा ने तैयार किया कांग्रेस का 'चुनावी डोजियर'
बताया जा रहा है कि INDIA गठबंधन के तहत सीटों के तालमेल पर औपचारिक बातचीत शुरू होने से पहले ही समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस की चुनावी स्थिति का आकलन कर लिया है। कांग्रेस की ओर से यूपी की कुल 403 विधानसभा सीटों में से 200 से अधिक सीटों पर दावेदारी पेश की जा रही है। पार्टी गठबंधन में बराबर की साझेदार बनने की मांग कर रही है। सूत्रों के मुताबिक, सपा ने 2022 के विधानसभा चुनाव के आंकड़ों के आधार पर कांग्रेस का एक डोजियर तैयार किया है। समाजवादी पार्टी का मानना है कि सीटों का बंटवारा केवल संख्या के आधार पर नहीं, बल्कि उम्मीदवारों की जीतने की क्षमता को ध्यान में रखकर होना चाहिए।
2022 के चुनाव में कांग्रेस का कैसा रहा प्रदर्शन?
2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश की 403 सीटों में से 399 पर अपने उम्मीदवार उतारे थे। इनमें पार्टी को केवल दो सीटों पर जीत मिली थी। कांग्रेस ने प्रतापगढ़ की रामपुर खास और महाराजगंज की फरेंदा सीट पर कब्जा किया था। इसके अलावा चार सीटों पर पार्टी दूसरे स्थान पर रही थी। चुनाव में कांग्रेस के 399 उम्मीदवारों में से 387 की जमानत जब्त हो गई थी। पार्टी को पूरे प्रदेश में सिर्फ 21.51 लाख वोट मिले थे। वहीं, यूपी की केवल 46 विधानसभा सीटें ऐसी थीं, जहां कांग्रेस के उम्मीदवार 10 हजार से अधिक वोट हासिल कर सके थे।
ये भी पढ़ें: न खाना मिला, न मदद संबलपुर में भूख से बेहाल व्यक्ति ने खाया मरे कुत्ते का मांस

