Friday, Sep 25

होम = News Latest = यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का आज से आगाज, ग्रेटर नोएडा में जुटेगा कारोबार का बड़ा मंच

यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का आज से आगाज, ग्रेटर नोएडा में जुटेगा कारोबार का बड़ा मंच

UPITS 2026: ग्रेटर नोएडा का इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट शुक्रवार से पांच दिनों के लिए कारोबार के बड़े मंच में बदलने जा रहा है। यहां उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो के चौथे संस्करण का आगाज होगा। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह इसका उद्घाटन करेंगे, जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे। इस बार ट्रेड शो में आस्ट्रिया, जापान, रूस, सिंगापुर, बेलारूस और वियतनाम पहली बार साझेदार देशों के तौर पर शामिल हो रहे हैं।

वैश्विक बाजार तक पहुंचेगा यूपी का कारोबार

यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में अंतरराष्ट्रीय और घरेलू खरीदारों के साथ बीटूबी बैठकें होंगी। सेक्टोरल नीति सत्रों के जरिए निवेश के नए अवसर तलाशे जाएंगे। साझेदार देशों की भागीदारी से व्यापार, तकनीकी सहयोग, निवेश और सोर्सिंग को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। एमएसएमई मंत्री भूपेन्द्र चौधरी ने गुरुवार को पत्रकार वार्ता में ट्रेड शो की तैयारियों और इसके लक्ष्यों की जानकारी साझा की।

72 देशों से खरीदारों का पंजीकरण, कुजीन पर भी फोकस

यूपीआईटीएस में इस बार अंतरराष्ट्रीय खरीदारों की भागीदारी बढ़ने की उम्मीद है। अब तक 72 देशों के विदेशी खरीदारों का पंजीकरण हो चुका है। होस्टेड बायर प्रोग्राम के जरिए आयातकों, वितरकों, रिटेलर्स, सोर्सिंग एजेंट्स और प्रोक्योरमेंट प्रमुखों को जोड़ा जा रहा है। इसका मकसद प्रदेश के कारोबारियों को नए बाजारों और वैश्विक खरीदारों से जोड़ना है। ट्रेड शो में वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट के साथ वन डिस्ट्रिक्ट, वन कुजीन को भी खास पहचान दी जाएगी। इसके तहत प्रदेश के अलग-अलग जिलों के पारंपरिक व्यंजन, स्थानीय स्वाद और खाद्य विरासत को देश-दुनिया के सामने पेश किया जाएगा। इससे स्थानीय उत्पादों और व्यंजनों को नए बाजारों तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा। साथ ही खरीदारों और कारोबारियों के बीच सीधा संपर्क बढ़ेगा।

ये भी पढ़ें: ग्रेटर नोएडा बस अग्निकांड: जलने की गंध आने पर भी ड्राइवर ने नहीं रोकी बस, बोला- ‘मरना है तो मर जाओ, बस नहीं रोकेंगे’