होम = News Big = UP को आज 4,850 करोड़ की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की सौगात, राजनाथ सिंह-गडकरी और सीएम योगी करेंगे उद्घाटन

UP को आज 4,850 करोड़ की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की सौगात, राजनाथ सिंह-गडकरी और सीएम योगी करेंगे उद्घाटन

UP Highway Projects: उत्तर प्रदेश के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में आज बड़ा कदम उठाया जाएगा। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करीब 4,850 करोड़ रुपये की लागत वाली तीन अहम राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। मुख्य समारोह लखनऊ के सैनिक स्कूल में आयोजित होगा, जबकि उन्नाव में भी विशेष कार्यक्रम रखा गया है।

उन्नाव में होगा विशेष कार्यक्रम

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोपहर लगभग 3:30 बजे उन्नाव पहुंचेंगे। यहां कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे के निकट सदर तहसील क्षेत्र के पड़री खुर्द-झाऊखेड़ा में किलोमीटर संख्या-51 पर आयोजित कार्यक्रम में वे विभिन्न परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे।

सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम

कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस और जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। आयोजन स्थल और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। अधिकारियों के अनुसार, पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

इन परियोजनाओं का होगा लोकार्पण और शिलान्यास
कानपुर-लखनऊ 6-लेन एक्सप्रेसवे का लोकार्पण।
हरदोई-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग (पैकेज-4) के 4-लेन निर्माण कार्य का लोकार्पण।
लखनऊ के इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे पर प्रस्तावित 4-लेन फ्लाईओवर का शिलान्यास।
प्रदेश को मिलेगी हाई-स्पीड सड़क कनेक्टिविटी

इन परियोजनाओं के पूरा होने से उत्तर प्रदेश के सड़क नेटवर्क को नई गति मिलने की उम्मीद है। कानपुर और लखनऊ के बीच यात्रा समय करीब तीन घंटे से घटकर लगभग 40 मिनट रह जाएगा। इससे यात्रियों को समय और ईंधन दोनों की बचत होगी।

उद्योग, व्यापार और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

नई सड़क परियोजनाओं से औद्योगिक क्षेत्रों, लॉजिस्टिक्स हब और डिफेंस कॉरिडोर की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। इससे निवेश को प्रोत्साहन मिलने के साथ रोजगार के नए अवसर भी पैदा होने की संभावना है। किसानों और स्थानीय उत्पादों को बड़े बाजारों तक पहुंचाने में भी आसानी होगी।

शहर और आसपास के इलाकों को होगा लाभ

इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहा फ्लाईओवर बनने से विकास नगर, खुर्मी नगर, जानकीपुरम सहित आसपास के लाखों लोगों को जाम से राहत मिलेगी। वहीं, लखनऊ-हरदोई-शाहजहांपुर मार्ग पर यातायात अधिक सुगम होगा और दुबग्गा तिराहे से हरदोई तक चार-लेन सड़क बनने से आवागमन पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक हो जाएगा।

इन परियोजनाओं को उत्तर प्रदेश में आधुनिक और मजबूत सड़क अवसंरचना विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है, जिससे प्रदेश की आर्थिक गतिविधियों और क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।

ये भी पढ़ें: Aaj Ka Rashifal: मेष से मीन तक किसे मिलेगा बड़ा लाभ, जानें पूरा राशिफल