Thursday, Sep 24

होम = Breaking = यूपी की 10 और उत्तराखंड की 1 राज्यसभा सीट पर चुनाव का ऐलान, जानें कब होगा मतदान

यूपी की 10 और उत्तराखंड की 1 राज्यसभा सीट पर चुनाव का ऐलान, जानें कब होगा मतदान

UP Rajya Sabha Election 2026: राज्यसभा की 11 सीटों के लिए चुनावी तारीखों का ऐलान हो गया है। चुनाव आयोग के मुताबिक, उत्तर प्रदेश की 10 और उत्तराखंड की एक सीट पर 16 अक्टूबर को मतदान होगा। इसके अलावा पश्चिम बंगाल की एक खाली राज्यसभा सीट पर भी इसी दिन उपचुनाव कराया जाएगा।

6 अक्टूबर तक होंगे नामांकन

चुनाव के लिए नामांकन की आखिरी तारीख 6 अक्टूबर है। 7 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 9 अक्टूबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। 16 अक्टूबर को मतदान के बाद उसी दिन नतीजे घोषित होंगे। यूपी की 10 और उत्तराखंड की एक सीट का कार्यकाल 25 नवंबर 2026 को खत्म हो रहा है, जबकि बंगाल की खाली सीट का कार्यकाल 2032 तक था।

यूपी में BJP की 8, सपा-बसपा की एक-एक सीट

उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों में से 8 भाजपा, एक समाजवादी पार्टी और एक बसपा के पास है। बीजेपी से बृजलाल, सीमा द्विवेदी, नीरज शेखर, गीता शाक्य, हरदीप सिंह पुरी, अरुण सिंह, बीएल वर्मा और दिनेश शर्मा का कार्यकाल खत्म हो रहा है। वहीं, सपा के रामगोपाल यादव और बसपा के रामजी गौतम का कार्यकाल भी समाप्त होगा।

राजनैतिक दलों में ऐसी रहेगी चुनावी लड़ाई

उत्तर प्रदेश विधानसभा में 6 विधायकों के निधन के बाद 397 विधायक हैं। मौजूदा गणित के मुताबिक, एक राज्यसभा सीट के लिए 37 विधायकों के वोट चाहिए। सपा के 101 विधायक हैं, जिससे वह दो सीटें जीत सकती है और 27 विधायक बचेंगे। NDA के पास 292 विधायक हैं, जिससे सात सीटें जीतने के बाद उसके पास 33 विधायक बचेंगे। ऐसे में आठवीं सीट के लिए दोनों खेमों के बीच अतिरिक्त वोटों का गणित अहम होगा।