UP Trade Show 2026: ग्रेटर नोएडा में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के चौथे संस्करण का आगाज हो गया है। उद्घाटन समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने उत्तर प्रदेश में आए बदलाव का जिक्र करते हुए पिछली सपा सरकार पर निशाना साधा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने कहा कि एक दौर में कानून-व्यवस्था की स्थिति के चलते निवेशक यूपी आने से कतराते थे और निवेश से जुड़े कार्यक्रम राज्य के बाहर करने पड़ते थे। आज वही यूपी भयमुक्त माहौल के साथ निवेश के बड़े केंद्र के रूप में उभर रहा है।
'कानून-व्यवस्था में बदलाव से निवेश का माहौल बना'
अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश के पास पहले भी जमीन, 24 करोड़ से ज्यादा की आबादी और मेहनती कारीगर थे, लेकिन उद्योगों के लिए अनुकूल माहौल की कमी थी। उनके मुताबिक, 2017 में बीजेपी सरकार बनने और योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री बनने के बाद माफिया के खिलाफ कार्रवाई हुई और कानून-व्यवस्था में बदलाव आया। उन्होंने कहा कि इसी बदलाव का असर है कि अब निवेशक उत्तर प्रदेश का रुख कर रहे हैं। शाह ने बताया कि यूपी अब एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रहा है।
शाह ने सपा-बसपा के पिछले शासन पर साधा निधाना
पूर्ववर्ती सपा और बसपा सरकारों पर निशाना साधते हुए अमित शाह ने कहा कि उस दौर में उत्तर प्रदेश में अपराध से जुड़ी गतिविधियां फलती-फूलती थीं। उन्होंने कहा कि कट्टा-बम बनाने और वाहन चोरी जैसी गतिविधियों की जगह अब रक्षा उत्पाद और वाहन मैन्युफैक्चरिंग हो रही है, जबकि चेन स्नैचिंग की जगह मेडिकल डिवाइस पार्क जैसे उद्योग विकसित हो रहे हैं। शाह ने दावा किया कि योगी सरकार के कार्यकाल में कानून-व्यवस्था में बदलाव के साथ उद्योग और निवेश के लिए माहौल तैयार हुआ है।
6 पार्टनर देश हैं
UPITS 2026 में जापान, वियतनाम, रूस, सिंगापुर, ऑस्ट्रिया और बेलारूस पार्टनर कंट्री के तौर पर शामिल हुए हैं। ट्रेड शो में इन देशों के लिए अलग-अलग पवेलियन बनाए गए हैं, जहां उनके उत्पाद और कारोबारी संभावनाएं प्रदर्शित की जा रही हैं। आयोजन का फोकस सिर्फ कारोबार बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि रणनीतिक साझेदारी, तकनीक के आदान-प्रदान और संयुक्त उपक्रमों के लिए नए अवसर तैयार करना भी है।

