Tuesday, Nov 10

होम = Breaking = दिवाली-छठ पर यूपी में कड़ा पहरा, योगी का आदेश; अफसरों की छुट्टियां रद्द, बाजारों में 24 घंटे निगरानी

दिवाली-छठ पर यूपी में कड़ा पहरा, योगी का आदेश; अफसरों की छुट्टियां रद्द, बाजारों में 24 घंटे निगरानी

UP Festival Security Arrangements: उत्तर प्रदेश में दिवाली, छठ और देव दीपावली समेत आगामी त्योहारों को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द करने का आदेश दिया है। अब विशेष परिस्थितियों में ही छुट्टी मिल सकेगी। सीएम ने चेतावनी दी कि त्योहारों का माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

बाजारों और धार्मिक स्थलों पर बढ़ेगी सुरक्षा

लखनऊ में हुई बैठक में मुख्यमंत्री ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को कानून-व्यवस्था और आपसी भाईचारा बनाए रखने को प्राथमिकता देने को कहा। बाजारों में 24 घंटे पुलिस निगरानी और प्रमुख मंदिरों व संवेदनशील धार्मिक स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने को भी कहा गया है। त्योहारों के दौरान बाजारों और धार्मिक स्थलों पर बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए पहले से तैयारी करने पर जोर दिया गया।

सोशल मीडिया पर रहेगी 24 घंटे नजर

सीएम योगी ने पुलिस को सोशल मीडिया की लगातार निगरानी करने का निर्देश दिया है। अफवाह फैलाने, भड़काऊ पोस्ट डालने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने अराजक तत्वों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने को कहा।

पटाखों की बिक्री और जरूरी सुविधाओं पर निर्देश

मुख्यमंत्री ने पटाखों की बिक्री केवल खुले और सुरक्षित स्थानों पर कराने के निर्देश दिए हैं। अग्निशमन विभाग को हाई अलर्ट पर रहने और आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है। साथ ही त्योहारों के दौरान बिजली-पानी की निर्बाध आपूर्ति, शहरों और कस्बों में सफाई तथा रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

किसानों और राशन वितरण पर भी सख्ती

सीएम ने खाद की कालाबाजारी रोकने और धान खरीद में लापरवाही न बरतने की हिदायत दी। किसानों को खाद लेने या धान बेचने में परेशानी होने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होगी। राशन वितरण में घटतौली करने वालों पर भी कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

आउटसोर्स और आंगनबाड़ी कर्मचारियों को त्योहार से पहले भुगतान

मुख्यमंत्री ने आउटसोर्स कर्मचारियों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को त्योहार से पहले मानदेय देने को कहा है, ताकि उन्हें भुगतान के लिए इंतजार न करना पड़े। उन्होंने सभी त्योहारों को खुशी और आपसी भाईचारे के साथ मनाने तथा कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्ती बरतने की बात दोहराई।

ये भी पढ़े: