होम = Others = ईरान के 5 प्रांतों में अमेरिकी हमला, मिसाइल सिस्टम और स्पीड बोट्स तबाह

ईरान के 5 प्रांतों में अमेरिकी हमला, मिसाइल सिस्टम और स्पीड बोट्स तबाह

by | Jul 13, 2026 | Others

US Iran Attack: मध्य-पूर्व में तनाव एक बार फिर खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। अमेरिका ने रविवार को ईरान के पांच प्रांतों में कई सैन्य ठिकानों पर हवाई हमले किए, जिनमें मिसाइल सिस्टम, एयर डिफेंस और IRGC की स्पीड बोट्स को निशाना बनाया गया। हमलों में खुजेस्तान में एक व्यक्ति की मौत और पांच लोगों के घायल होने की खबर है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हालात और तनावपूर्ण हो गए हैं, जबकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की प्रतिक्रिया ने भी इस घटनाक्रम को नई चर्चा दे दी है।

बंदर अब्बास और केशम द्वीप पर भी हमले

ईरान के दक्षिणी बंदरगाह शहर बंदर अब्बास में कई धमाकों की आवाजें सुनाई दीं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इसके साथ ही अधिकारियों ने पुष्टि की कि होर्मुज जलडमरूमध्य के पास स्थित केशम द्वीप भी हमलों की चपेट में आया। केशम के गवर्नर हुसैन अमीर तैमूरी के मुताबिक, द्वीप पर 10 से 11 "दुश्मन के गोले" गिरे, लेकिन सभी हमले केवल सैन्य ठिकानों को निशाना बनाकर किए गए। उन्होंने कहा कि अब तक किसी भी नागरिक के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है।

ट्रंप ने लड़ाकू विमानों की तस्वीरें कीं शेयर

ईरान पर अमेरिकी हमलों के बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर F-22 Raptor, B-1B Lancer और B-2 Spirit जैसे अत्याधुनिक अमेरिकी लड़ाकू और रणनीतिक बमवर्षक विमानों की तस्वीरें साझा कीं। माना जा रहा है कि इस पोस्ट के जरिए ट्रंप ने अमेरिका की सैन्य ताकत और हमले की क्षमता का संदेश देने की कोशिश की है। उनकी इस पोस्ट को ईरान के लिए एक कड़ा संकेत और शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है।

होर्मुज स्ट्रेट की सुरक्षा के नाम पर कार्रवाई

अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने कहा है कि अमेरिकी सेना ने ईरान के खिलाफ नए सैन्य हमले शुरू किए हैं। सेंटकॉम के मुताबिक, इन हमलों का मकसद होर्मुज जलडमरूमध्य (Hormuz Strait) में वाणिज्यिक जहाजों के लिए खतरा पैदा करने की ईरानी क्षमता को कमजोर करना है। बयान में कहा गया कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के निर्देश पर यह सैन्य अभियान शुरू किया गया, ताकि ईरानी सेना को उसकी गतिविधियों के लिए जवाबदेह ठहराया जा सके और दुनिया के सबसे अहम समुद्री व्यापार मार्गों में से एक होर्मुज स्ट्रेट की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।