होम = Breaking = होर्मुज पर बढ़ा युद्ध का खतरा! IRGC ने जहाज पर हमला, अमेरिका का ईरान पर पलटवार

होर्मुज पर बढ़ा युद्ध का खतरा! IRGC ने जहाज पर हमला, अमेरिका का ईरान पर पलटवार

by | Jul 12, 2026 | Breaking, News Latest

US Iran Conflict: मिडिल ईस्ट में एक बार फिर युद्ध जैसे हालात बनते दिख रहे हैं। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में साइप्रस के झंडे वाले एक कारोबारी कंटेनर जहाज पर कथित हमले के बाद अमेरिका और ईरान के बीच तनाव खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने दावा किया है कि इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की कार्रवाई के जवाब में अमेरिका ने रविवार को इस सप्ताह तीसरी बार ईरान पर सैन्य स्ट्राइक की। इस घटनाक्रम ने न केवल खाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा चिंताएं बढ़ा दी हैं, बल्कि दुनिया की तेल आपूर्ति और वैश्विक व्यापार पर भी नए संकट के बादल मंडराने लगे हैं।

अमेरिका का जवाबी हमला, जहाज को भारी नुकसान

अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के मुताबिक, भारतीय समयानुसार रविवार रात जवाबी सैन्य कार्रवाई शुरू की गई। अमेरिका का दावा है कि IRGC के हमले में साइप्रस के झंडे वाले कंटेनर जहाज एम/वी जीएफएस गैलेक्सी में आग लग गई और उसका इंजन रूम बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिसके कारण जहाज आगे यात्रा करने की स्थिति में नहीं रहा। घटना के बाद चालक दल का एक सदस्य अब भी लापता बताया जा रहा है। अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने ईरान को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा, "ईरान ने गलत फैसला लिया है, अब उसे इसकी कीमत चुकानी होगी।"

कई इलाकों में जोरदार आवाजें सुनीं गई

अमेरिकी हमलों के बाद ईरान के कई प्रमुख शहरों में हालात तनावपूर्ण हो गए हैं। ईरान के सरकारी प्रसारक IRIB के मुताबिक, असालुयेह, बंदर अब्बास, सीरिक, बंदर देयर और चाबहार समेत कई इलाकों में जोरदार विस्फोटों की आवाजें सुनी गईं। रिपोर्ट के अनुसार, अलग-अलग स्थानों पर कई धमाकों की पुष्टि हुई है, हालांकि इन घटनाओं में हुए नुकसान या हताहतों को लेकर अभी तक ईरानी अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है। इस घटनाक्रम के बाद पूरे खाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा और सैन्य गतिविधियां तेज हो गई हैं।