Iran US Conflict: मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका ने अपने नागरिकों के लिए हाई अलर्ट जारी किया है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से ईरान पर बड़े हमले की चेतावनी के बाद अमेरिकी सरकार ने नागरिकों से कहा है कि वे मिडिल ईस्ट छोड़ने की तैयारी रखें। एडवाइजरी में यह भी आशंका जताई गई है कि आने वाले दिनों में सुरक्षा कारणों से कई एयरलाइंस इस क्षेत्र के लिए अपनी उड़ानें रद्द कर सकती हैं।
मिडिल ईस्ट में फिर बढ़ा तनाव
ईरान के कुवैत में ड्रोन हमलों और स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज में जहाजों को निशाना बनाने के बाद क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है। इसके जवाब में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है। वहीं, इजरायल ने गाजा और लेबनान में हमले जारी रखे हैं।
अमेरिका ने नागरिकों को किया अलर्ट
अमेरिकी विदेश विभाग ने कहा है कि मिडिल ईस्ट के हालात तेजी से बिगड़ सकते हैं। एडवाइजरी में अमेरिकी नागरिकों से क्षेत्र छोड़ने पर विचार करने या जरूरत पड़ने पर तुरंत निकलने के लिए तैयार रहने को कहा गया है। साथ ही संभावित फ्लाइट रद्द होने और यात्रा में बाधा की भी चेतावनी दी गई है।
ट्रंप बोले- हमारा लक्ष्य सिर्फ जीतना है
कैबिनेट बैठक के दौरान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिया कि अमेरिका ईरान के खिलाफ लंबी सैन्य कार्रवाई के लिए तैयार है। उन्होंने कहा, "हम सिर्फ जीतना चाहते हैं" और ईरान पर कड़े हमले जारी रखने की बात कही। वहीं, व्हाइट हाउस ने आरोप लगाया कि ईरान ने पिछले महीने हुए समझौते का उल्लंघन करते हुए वाणिज्यिक जहाजों पर हमला किया और अमेरिकी सैनिकों को निशाना बनाया।

