US Secret Attack on Iran Qeshm Island: अमेरिका ने हाल के हफ्तों में ईरान के खिलाफ सीमित सैन्य हमलों की श्रृंखला के तहत क़ेश्म द्वीप पर गुप्त हमला किया है। वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के मुताबिक, यह हमला सोमवार को किया गया। अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से अखबार ने बताया कि वॉशिंगटन ने हमलों का दायरा छोटा और उन्हें गोपनीय रखा, ताकि बड़े सैन्य अभियान दोबारा शुरू करने का संकेत न जाए।
यह हमला ऐसे समय हुआ है, जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ समझौते की संभावना जताई थी। ट्रंप ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर कहा कि तेल की कीमतें प्रति बैरल करीब 10 डॉलर गिर गई हैं, जो रिकॉर्ड गिरावट है। उन्होंने दावा किया कि ईरान जल्द समझौता करना चाहता है। ट्रंप ने लिखा, "ईरान जल्द से जल्द समझौता चाहता है। ऐसा हो सकता है!"
इससे पहले ईरानी सरकारी मीडिया IRNA ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में स्थित क़ेश्म द्वीप पर कई धमाकों की खबर दी थी। सोमवार को पत्रकारों ने ट्रंप से मंगलवार को होने वाले अमेरिकी मध्यावधि चुनाव के बाद ईरान पर नए हमले करने की संभावना के बारे में पूछा। इस पर उन्होंने जवाब दिया, "नहीं।"
IRGC का चौथा अमेरिकी ड्रोन पकड़ने का दावा
इस बीच, ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशन गार्ड्स कॉर्प्स (IRGC) की नौसेना ने एक और अमेरिकी टोही और डिकॉय ड्रोन को सुरक्षित कब्जे में लेने का दावा किया है। IRNA के मुताबिक, यह स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पश्चिमी हिस्से में किया गया। ईरानी नौसेना ने बताया कि उसके इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर यूनिट ने सोमवार को MQM-170 ड्रोन की पहचान की और उसके गाइडेंस व कंट्रोल सिस्टम पर नियंत्रण हासिल कर उसे बिना नष्ट किए सुरक्षित उतार लिया।
ईरान का दावा है कि इस ड्रोन को फारस की खाड़ी के तट और क़ेश्म द्वीप के आसपास उसके एयर डिफेंस सिस्टम की पहचान करने के लिए तैनात किया गया था। अमेरिका की ग्रिफॉन एयरोस्पेस कंपनी द्वारा बनाया गया MQM-170 आउटलॉ मूल रूप से हवाई खतरों का अनुकरण करने, एयर डिफेंस सिस्टम की जांच और सैन्यकर्मियों को प्रशिक्षण देने के लिए डिजाइन किया गया है।
जून में भी क़ेश्म द्वीप पर हमला कर चुका है अमेरिका
अमेरिका ने इससे पहले 2 जून को क़ेश्म द्वीप पर हमला किया था। उस समय अमेरिकी सेना ने ईरानी सैन्य ग्राउंड कंट्रोल स्टेशन को निशाना बनाया था, जिसका इस्तेमाल ड्रोन ऑपरेशन को नियंत्रित करने के लिए किया जाता था।
अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने तब कहा था कि उसकी सेनाओं ने क्षेत्रीय जलक्षेत्र से गुजर रहे नागरिक जहाजों की ओर छोड़े गए तीन एकतरफा हमलावर ड्रोन को रोका था। इसके अलावा मध्य पूर्व में छोड़े गए कई ईरानी ड्रोन और बैलिस्टिक मिसाइलों को भी इंटरसेप्ट किया गया था। इसके बाद अमेरिकी सेना ने द्वीप पर स्थित ड्रोन कंट्रोल फैसिलिटी को निशाना बनाते हुए इसे आत्मरक्षा में की गई कार्रवाई बताया था।

