Uttarakhand Rain: उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। राज्य में भूस्खलन और मलबा आने के कारण 120 सड़कें बंद हैं, जिससे लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है। वहीं, दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर लखवाड़ बहुउद्देश्यीय बांध परियोजना का निर्माणाधीन हिस्सा ढह गया। मौसम विभाग ने सोमवार को देहरादून समेत छह जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
टौंस नदी पर अस्थायी पुल बहा
देहरादून के प्रेमनगर स्थित नंदा की चौकी के पास टौंस नदी पर बना अस्थायी पुल शनिवार रात तेज बहाव में बह गया। इसके चलते रविवार सुबह करीब 11 बजे तक आवाजाही पूरी तरह ठप रही और लोगों को करीब 10 किलोमीटर का अतिरिक्त सफर तय करना पड़ा। बाद में लोक निर्माण विभाग (PWD) ने नए अस्थायी पुल पर यातायात शुरू कराया, जिसके बाद करीब 11 घंटे बाद लोगों को राहत मिली।
आज भी भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के निदेशक डॉ. सीएस तोमर के मुताबिक, सोमवार को उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों में कई जगह बारिश होने की संभावना है। देहरादून, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली, पिथौरागढ़ और नैनीताल में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। वहीं, पहाड़ी इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने और कुछ स्थानों पर तीव्र से अति तीव्र वर्षा की भी आशंका जताई गई है।
120 सड़कें बंद, बहाली का काम जारी
लोक निर्माण विभाग (PWD) के अनुसार, पौड़ी में सबसे ज्यादा 20 सड़कें बंद हैं। इसके अलावा चमोली में 17, उत्तरकाशी में 15 और पिथौरागढ़ में 14 सड़कें प्रभावित हैं। विभाग के प्रमुख राजेश शर्मा ने बताया कि सभी बंद मार्गों को खोलने का काम जारी है। कई स्थानों पर भारी भूस्खलन के कारण सड़कें खोलने में समय लग रहा है, लेकिन सभी डिविजनों को जल्द से जल्द यातायात बहाल करने के निर्देश दिए गए हैं।
