Tuesday, Nov 10

होम = Breaking = उत्तरकाशी में बेकाबू होकर नदी में गिरी इनोवा, गुजरात के 4 यात्रियों की मौत

उत्तरकाशी में बेकाबू होकर नदी में गिरी इनोवा, गुजरात के 4 यात्रियों की मौत

Uttarkashi Innova Car Accident: उत्तराखंड में एक बार फिर सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर दिया है। उत्तरकाशी में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी। हादसे के वक्त कार में 7 लोग सवार थे, जिनमें से 4 की जान जा चुकी है। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और बचाव टीम बाकी लोगों की तलाश में जुटी है।

गंगोत्री दर्शन के लिए जा रहे थे सभी यात्री

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इनोवा में सवार सभी 7 लोग गुजरात के रहने वाले थे और गंगोत्री दर्शन के लिए जा रहे थे। उन्होंने उत्तराखंड में ही टैक्सी किराए पर ली थी। हालांकि, अभी उनके शहर और निवास स्थान की जानकारी नहीं मिल सकी है। हादसे के बाद सामने आए वीडियो में नदी किनारे पत्थरों के बीच 4 लोगों के शव फंसे दिखाई दिए। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और उनके परिजनों तक सूचना पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।

तेज बहाव के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में आ रही मुश्किल

पुलिस के मुताबिक, हादसे की सूचना मिलते ही टीम बचाव दल के साथ मौके पर पहुंच गई थी। कार नदी में गिरी हुई थी और पानी का बहाव तेज होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी मुश्किलें आ रही थीं। हादसे के बाद से लापता तीन अन्य लोगों का अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है। उनके तेज बहाव में बहने की आशंका है। उनकी तलाश के लिए पुलिस ने नदी के रास्ते में पड़ने वाले सभी बैरियर पर टीमों को अलर्ट कर दिया है।

ये भी पढ़ें: अमेरिकी चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी की करारी हार, ट्रंप-वेंस के बीच बढ़ी तकरार