Vande Mataram News: वंदे मातरम् को लेकर चल रही बहस के बीच अभिनेता मुकेश खन्ना ने अपनी राय रखी है। ‘महाभारत’ के भीष्म पितामह और ‘शक्तिमान’ जैसे किरदारों से मशहूर हुए मुकेश खन्ना ने अभिनेत्री शर्मिला टैगोर के कथित बयान पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय गीत को धर्म के चश्मे से देखने की जरूरत नहीं होनी चाहिए। दरअसल, इन दिनों इस बात को लेकर बहस छिड़ी है कि वंदे मातरम् पूरा गाया जाए या सिर्फ इसकी शुरुआती पंक्तियां ही गाई जाएं।
धर्म से जोड़ने पर मुकेश खन्ना ने उठाए सवाल
मुकेश खन्ना ने कहा कि हर व्यक्ति अपनी राय रखने के लिए स्वतंत्र है, लेकिन वंदे मातरम् को धर्म से जोड़कर देखने की बात उन्हें समझ नहीं आती। उन्होंने शर्मिला टैगोर के बंगाली सांस्कृतिक और धार्मिक माहौल में पले-बढ़ने का जिक्र करते हुए सवाल किया कि धार्मिक भावनाओं को लेकर चिंता अब क्यों सामने आ रही है।
धार्मिक संदर्भों को लेकर मुकेश खन्ना ने जताई आपत्ति
मुकेश खन्ना ने ‘वंदे मातरम्’ के बाद के अंतरों में देवी-देवताओं के संदर्भ को लेकर उठने वाली आपत्तियों पर अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि कुछ मुस्लिम वर्गों की आपत्ति सिर्फ धार्मिक संदर्भों तक सीमित नहीं है, बल्कि कुछ लोग यह भी मानते हैं कि वे केवल खुदा के सामने झुकते हैं। हालांकि, मुकेश खन्ना ने साफ किया कि देश के सम्मान का मतलब किसी व्यक्ति को जबरन किसी मूर्ति या प्रतीक के सामने झुकाना नहीं है।

