Venezuela Earthquake: बुधवार को वेनेजुएला के अलावा जापान और भारत में आए भूकंप से धरती कांप उठी। जम्मू-कश्मीर के पुलवामा और असम के गोलपारा व उदलगुरी जिलों में भूकंप के झटके महसूस किए गए। इससे लोगों में कुछ देर के लिए दहशत फैल गई। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के अनुसार, असम में भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.5 मापी गई। हालांकि किसी जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है। वहीं, वेनेजुएला में भूकंप से 22 मंजिला इमारत ढह गई और कई लोगों के मारे जाने की आशंका है। बात करें जापान की तो
नेपाल में भी कांपी धरती, तड़के 3.8 तीव्रता का भूकंप
भारत के पड़ोसी देश नेपाल में भी गुरुवार तड़के भूकंप के झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान संबंधी आंकड़ों के मुताबिक सुबह 5:21:43 बजे आए इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.8 दर्ज की गई। इससे पहले नेपाल के हुमला जिले में 4.1 तीव्रता का भूकंप आया था। राहत की बात यह है कि दोनों घटनाओं में किसी बड़े नुकसान या जनहानि की सूचना नहीं मिली है। हालांकि लगातार आ रहे भूकंप के झटकों ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
वेनेजुएला में भूकंप से मची तबाही
वेनेजुएला में आए तेज भूकंप ने भारी तबाही मचाई है। भूकंप का असर इतना गंभीर था कि एक 22 मंजिला इमारत ढह गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। झटकों के बाद राजधानी कराकास में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग अपनी जान बचाने के लिए घरों और दफ्तरों से बाहर निकलकर सड़कों पर आ गए। शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक कई इलाकों में भवनों, सड़कों और अन्य बुनियादी ढांचों को नुकसान पहुंचा है। प्रशासन राहत और बचाव कार्यों में जुटा हुआ है तथा नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
जापान में 6.9 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप
उत्तरी जापान में भी 6.9 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया है। जापान की मौसम एजेंसी ने इसकी पुष्टि की है। एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार, भूकंप के झटके राजधानी टोक्यो तक महसूस किए गए, जो भूकंप के केंद्र से सैकड़ों किलोमीटर दूर स्थित है। हालांकि अधिकारियों ने बताया है कि फिलहाल किसी के घायल होने या मौत की कोई सूचना नहीं है। राहत की बात यह भी है कि भूकंप के बाद सुनामी की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। इसके बावजूद प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है और एहतियात के तौर पर निगरानी बढ़ा दी गई है।

