White House Armed Man Arrest: अमेरिका में व्हाइट हाउस के पास गुरुवार रात एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया गया। अमेरिकी सीक्रेट सर्विस के एक अधिकारी ने नियमित गश्त के दौरान एक संदिग्ध पिकअप ट्रक को देखा। तलाशी लेने पर उसमें से तीन बंदूकें और भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद हुआ। आरोपी की पहचान 26 वर्षीय वेनेजुएला निवासी रॉनी यॉर्ड्रिक्स गुआनिपा क्रिनोस के रूप में हुई है। अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, उसने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हत्या करने के इरादे से वॉशिंगटन आने की बात कही थी।
उंगली से बंदूक का इशारा कर बताया हथियार होने का संकेत
गुरुवार रात करीब आधी रात से पहले सीक्रेट सर्विस अधिकारी को कॉन्स्टिट्यूशन एवेन्यू पर व्हाइट हाउस परिसर के पास नीले रंग का फोर्ड F-150 ट्रक खड़ा मिला। संदिग्ध गतिविधि देखकर अधिकारी ने चालक से उसकी सुरक्षा और हथियारों के बारे में पूछा। कोर्ट में दाखिल शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने सिर हिलाकर हथियार होने की पुष्टि की और उंगली से बंदूक चलाने का इशारा किया।
इसके बाद वह गाड़ी से बाहर आया और गूगल ट्रांसलेट की मदद से अधिकारियों से बातचीत की। उसने बताया कि किसी ने उसे मारने के लिए बंदूक का इस्तेमाल करने की कोशिश की थी और उसने वह हथियार छीन लिया था। उसने अधिकारियों को गाड़ी में रखे एक भूरे रंग के बैग की ओर भी इशारा किया।
कार से तीन बंदूकें और कारतूस बरामद
तलाशी में MAC-10 मशीन पिस्टल, Glock 43x पिस्तौल और AR-15 राइफल के साथ दर्जनों कारतूस मिले। जांच में पता चला कि पिकअप ट्रक दक्षिण कैरोलिना से चोरी किया गया था।
अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग (DHS) के अनुसार, आरोपी ने अधिकारियों को बताया कि उसके सिर में आवाजें आती थीं, जो उसे वॉशिंगटन जाकर राष्ट्रपति ट्रंप की हत्या करने का निर्देश देती थीं। हालांकि, आवाजें सुनने से जुड़ा यह बयान अदालत में दाखिल शिकायत के हलफनामे में दर्ज नहीं है।
कई आरोपों में आरोपी गिरफ्तार
सीक्रेट सर्विस के निदेशक सीन करन ने कहा कि व्हाइट हाउस के आसपास सुरक्षा का माहौल लगातार चुनौतीपूर्ण बना हुआ है और परिसर की ओर हथियारबंद लोगों के आने की घटनाएं चिंता का विषय हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को ऐसी परिस्थितियों से निपटने के लिए प्रशिक्षित किया गया है।
आरोपी को अमेरिकी मार्शल सर्विस ने हिरासत में लिया है। उस पर बिना अनुमति वाहन इस्तेमाल करने, चोरी की संपत्ति रखने, लाइसेंस के बिना पिस्तौल और राइफल रखने समेत कई आरोप लगाए गए हैं। शुक्रवार को उसे डीसी सुपीरियर कोर्ट में पेश किया गया। ऑनलाइन अदालती रिकॉर्ड के मुताबिक, उसे बिना जमानत हिरासत में रखा गया है।
DHS के अनुसार, आरोपी वेनेजुएला का एक बिना दस्तावेज वाला अप्रवासी है, जो मार्च 2024 में टेक्सास के रास्ते अमेरिका आया था। अमेरिकी इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एनफोर्समेंट (ICE) ने उसके खिलाफ इमिग्रेशन डिटेनर भी जारी किया है।

