होम = Trending = Vietnam में नाव पलटने से 15 भारतीय पर्यटकों की मौत

Vietnam में नाव पलटने से 15 भारतीय पर्यटकों की मौत

by | Jul 11, 2026 | Trending

Vietnam Boat Accident Indians: वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के पास शनिवार को पर्यटकों से भरी एक नाव पलटने से 15 भारतीयों की मौत हो गई। सरकारी मीडिया के अनुसार, नाव में कुल 36 लोग सवार थे। हादसे में 21 लोगों को बचाकर अस्पताल पहुंचाया गया, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई गई है। स्थानीय प्रशासन की ओर से राहत और बचाव अभियान जारी है।

32 भारतीय पर्यटक थे सवार

स्थानीय मीडिया के मुताबिक, नाव में 32 भारतीय पर्यटक, तीन चालक दल के सदस्य और एक परिचारक सवार थे। यह नाव होन मे रुट नगोआई द्वीप से एन थोई पोर्ट जा रही थी। रास्ते में खराब मौसम, ऊंची लहरों और तेज हवाओं के कारण नाव पलट गई, जिससे सभी यात्री और चालक दल के सदस्य पानी में गिर गए।

भारतीय दूतावास ने X पर जानकारी देते हुए कहा कि हादसे के सही कारणों और अन्य विवरणों का पता लगाया जा रहा है तथा स्थानीय अधिकारी लगातार बचाव अभियान चला रहे हैं।

आंध्र प्रदेश सरकार भी हुई सक्रिय

आंध्र प्रदेश के मानव संसाधन विकास मंत्री नारा लोकेश ने वरिष्ठ अधिकारियों से हादसे की जानकारी ली। उन्होंने नई दिल्ली स्थित एपी भवन और राज्य सरकार के अधिकारियों से यह पता लगाने को कहा कि क्या आंध्र प्रदेश के पर्यटक भी प्रभावित लोगों में शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि अवकाश यात्रा पर गए राज्य के कुछ पर्यटक इस हादसे से प्रभावित हो सकते हैं।

लोकेश ने अधिकारियों को केंद्र सरकार के साथ समन्वय कर पीड़ितों और उनके परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

भारतीय मिशन ने बनाए कंट्रोल रूम

पीड़ितों की सहायता के लिए भारतीय मिशन ने हो ची मिन्ह सिटी स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास और हनोई स्थित भारतीय दूतावास में कंट्रोल रूम स्थापित किए हैं। सहायता के लिए हो ची मिन्ह सिटी में +84 36 281 7930, +84 91 552 37 14, +84 33 452 0414 तथा हनोई में +84 91 308 9165 पर संपर्क किया जा सकता है। भारतीय मिशन ने कहा है कि दोनों कंट्रोल रूम हर तरह की सहायता और जानकारी के लिए उपलब्ध हैं।

ये भी पढ़े: दतिया उपचुनाव: नारोट्टम मिश्रा को टिकट न मिलने पर BJP में बवाल, समर्थकों ने 12 घंटे NH-44 किया जाम