Vijay Mallya UK resident: लंदन में रह रहे कारोबारी विजय माल्या ने अपने साथ हुई कथित नाइंसाफी को लेकर एक ऐसा बयान दिया है, जिसने सबका ध्यान खींच लिया है। माल्या ने सोशल मीडिया पर लिखा कि उनके साथ जिस तरह का व्यवहार हो रहा है, उसे देखते हुए वह सोचने लगे हैं कि क्या उन्हें कॉकरोच बन जाना चाहिए। उन्होंने तंज भरे अंदाज में कहा कि शायद कॉकरोच की दुनिया में जिंदगी बेहतर होती।
14 हजार करोड़ रुपये की वसूली का दावा
कॉकरोच वाले बयान से पहले विजय माल्या ने दावा किया था कि प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बॉम्बे हाईकोर्ट में दाखिल एक हलफनामे में उनसे 14,000 करोड़ रुपये से ज्यादा की वसूली किए जाने की बात स्वीकार की है। माल्या के मुताबिक, यह रकम उन बैंकों को लौटाई गई है, जिनका पैसा उन पर बकाया था। इससे पहले बुधवार को एक अन्य सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने ब्रिटेन में अपने रहने की स्थिति को लेकर भी सफाई दी थी।
‘भगोड़ा’ कहे जाने पर माल्या की सफाई
विजय माल्या ने भारत से बाहर रहने को लेकर भी सफाई दी थी। उन्होंने कहा था कि वह 1992 से यूनाइटेड किंगडम के स्थायी निवासी हैं और फिलहाल कानूनी तौर पर उन्हें ब्रिटेन छोड़ने की अनुमति नहीं है। माल्या ने आरोप लगाया कि उनके मामले में भारत सरकार की ‘पोस्टर बॉय’ कार्रवाई से यह पूरा मामला शुरू हुआ। उन्होंने सरकार पर अपने खिलाफ बेहद अन्यायपूर्ण रवैया अपनाने का भी आरोप लगाया।

