Friday, Sep 25

होम = State = 87 मामलों के आरोपी पूर्व विधायक विजय मिश्रा की 100 करोड़ की दाल मिल कुर्क, जब्ती 241 करोड़ पार

87 मामलों के आरोपी पूर्व विधायक विजय मिश्रा की 100 करोड़ की दाल मिल कुर्क, जब्ती 241 करोड़ पार

Vijay Mishra: भदोही के ज्ञानपुर से पूर्व विधायक विजय मिश्रा के खिलाफ पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र में स्थित उनकी कथित 100 करोड़ 25 लाख रुपये की दाल मिल कुर्क कर दी है। पुलिस का दावा है कि यह संपत्ति अपराध से अर्जित अवैध धन से बनाई गई थी, इसलिए गैंगस्टर एक्ट के तहत इसे जब्त किया गया।

महाराष्ट्र में हुई कार्रवाई

भदोही पुलिस के अनुसार, महाराष्ट्र के धाराशिव जिले के उमरगा थाना क्षेत्र के जकेकुर गांव स्थित लल्ली एग्रो इंडस्ट्रीज पर मंगलवार को पुलिस और प्रशासन की टीम ने कुर्की की कार्रवाई की। जांच में आरोप है कि विजय मिश्रा, विष्णु मिश्रा, रामलली मिश्रा और गिरोह के अन्य सदस्यों ने अपराध से अर्जित धन से इस दाल मिल की स्थापना की थी। पुलिस का यह भी कहना है कि मिल का संचालन विजय मिश्रा के दामाद के नाम पर किया जा रहा था। इन तथ्यों के आधार पर जिलाधिकारी के आदेश पर गैंगस्टर अधिनियम की धारा 14(1) के तहत संपत्ति कुर्क की गई।

अब तक 241 करोड़ की संपत्ति जब्त

पुलिस के मुताबिक, यह पहली कार्रवाई नहीं है। अब तक विजय मिश्रा और उनके गैंग से जुड़ी करीब 241 करोड़ रुपये की चल और अचल संपत्तियां कुर्क की जा चुकी हैं। पुलिस का कहना है कि अभियान के तहत अपराध से अर्जित संपत्तियों को लगातार चिन्हित कर जब्त किया जा रहा है।

87 आपराधिक मामले दर्ज

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, विजय मिश्रा के खिलाफ 87 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें हत्या, रंगदारी, गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर आरोप शामिल हैं। पुलिस का दावा है कि इनमें से सात मामलों में उन्हें दोषी ठहराया जा चुका है। इसी वर्ष एक अदालत ने विजय मिश्रा, उनकी पत्नी और बेटे को 10-10 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई थी, जबकि उनकी पुत्रवधू को चार साल की सजा मिली थी। भदोही के एसपी अभिनव त्यागी ने कहा कि माफिया और संगठित अपराध के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और अपराध से अर्जित संपत्तियों पर कानून के तहत कार्रवाई होती रहेगी।

ये भी पढ़े: मुंबई को बारिश से राहत, दिल्ली में सूखा-उमस बरकरार; मध्य भारत में भारी बारिश का अलर्ट