CM Vijay Thalapathy on NEET: दिल्ली में NEET को लेकर छात्रों के विरोध-प्रदर्शन के बीच तमिलनाडु की सत्ताधारी पार्टी TVK ने मेडिकल प्रवेश परीक्षा को पूरी तरह खत्म करने की मांग दोहराई है। पार्टी का कहना है कि मेडिकल शिक्षा पर राज्यों का अधिकार होना चाहिए और शिक्षा को समवर्ती सूची से हटाकर राज्य सूची में शामिल किया जाए।
DMK पर साधा निशाना, 'झूठे वादों' का लगाया आरोप
एक बयान में TVK ने बिना नाम लिए मुख्य विपक्षी दल DMK पर निशाना साधा। पार्टी ने आरोप लगाया कि कुछ दल वोट हासिल करने के लिए NEET खत्म करने जैसे वादे करते हैं, लेकिन सत्ता में आने के बाद उन्हें पूरा नहीं करते। TVK ने कहा कि वह ऐसी राजनीति का हिस्सा नहीं बनेगी। गौरतलब है कि DMK ने 2021 के तमिलनाडु विधानसभा चुनाव से पहले सत्ता में आने पर NEET समाप्त करने का वादा किया था।
'स्पेशल समवर्ती सूची' बनाने का भी दिया सुझाव
TVK ने कहा कि यदि शिक्षा को राज्य सूची में लाने में कानूनी या प्रक्रियात्मक बाधाएं आती हैं, तो अंतरिम व्यवस्था के तौर पर एक 'स्पेशल समवर्ती सूची' बनाई जानी चाहिए। पार्टी का कहना है कि इससे राज्यों को शिक्षा, खासकर मेडिकल शिक्षा से जुड़े मामलों में प्रभावी अधिकार मिल सकेंगे और वे अपनी जरूरतों के अनुसार नीतियां बना सकेंगे।
TVK बोली- हमारे रुख पर पहले से कायम हैं विजय
पार्टी ने कहा कि शिक्षा और मेडिकल प्रवेश प्रणाली को लेकर उसका यही स्थायी और अंतरिम समाधान है, जिस पर पार्टी प्रमुख एवं मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय पहले भी जोर दे चुके हैं। TVK ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दल दूसरों के विचारों और संघर्षों का श्रेय लेने की कोशिश कर रहे हैं और ऐसे दलों से पार्टी को निशाना बनाना बंद करने की अपील की।

