Vijeta Dahiya Assault Case: पूर्व CJP प्रवक्ता विजेता दहिया ने कुछ लोगों पर उन्हें पॉडकास्ट रिकॉर्डिंग के बहाने दिल्ली के जाफराबाद बुलाकर रोकने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। दहिया के मुताबिक, घटना 31 अगस्त की है। उन्होंने पुलिस में शिकायत देकर मामले की जांच, आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
पॉडकास्ट के लिए किया गया था संपर्क
दहिया के अनुसार, 5 अगस्त को रोहित नाम के एक व्यक्ति ने उनसे व्हाट्सऐप के जरिए संपर्क किया था। उसने खुद को प्रिंस गौर की टीम का सदस्य बताते हुए पॉडकास्ट के लिए आमंत्रित किया। कई दिनों तक बातचीत के बाद दहिया 31 अगस्त को मिलने के लिए तैयार हुए। उनके मुताबिक, आने-जाने के लिए पिक एंड ड्रॉप की व्यवस्था भी की गई थी।
सोशल मीडिया कंटेंट को लेकर सवाल पूछने का आरोप
दहिया का दावा है कि शाम करीब 4 बजे वह जाफराबाद डीडीए कॉलोनी पहुंचे, जहां रोहित उन्हें मिला। इसके बाद उन्हें पास के एक पार्क में ले जाया गया। उनका आरोप है कि वहां पॉडकास्ट रिकॉर्ड करने के बजाय सोशल मीडिया पर उनके वीडियो और हिंदू धर्म से जुड़े कंटेंट को लेकर सवाल किए जाने लगे। दहिया के मुताबिक, उन्होंने किसी भी धर्म या देवी-देवता को अपशब्द कहने से इनकार किया और कहा कि वह धार्मिक मुद्दों पर सुधार और तार्किक सोच की बात करते हैं।
जाने की कोशिश पर रोकने का आरोप
विजेता दहिया का आरोप है कि जब उन्होंने वहां से जाने की कोशिश की तो उनका हाथ पकड़कर उन्हें रोकने का प्रयास किया गया। इसके बाद वह किसी तरह वहां से निकलकर ई-रिक्शा की ओर गए और मदद मांगी। दहिया का दावा है कि इसी दौरान रोहित ने उनका कॉलर पकड़ा और उन्हें जान से मारने की धमकी दी। उनका यह भी आरोप है कि जाफराबाद मेट्रो स्टेशन पहुंचने के बाद भी कुछ लोगों ने उनका पीछा किया। दहिया ने कथित तौर पर मिले व्हाट्सऐप संदेशों और वॉइस नोट्स का भी जिक्र किया है।
पुलिस में दी शिकायत
दहिया ने मामले को लेकर पुलिस में शिकायत दी है, जिसमें रोहित, प्रिंस गौर, मुकेश जैन समेत कुछ अज्ञात लोगों के नाम बताए गए हैं। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्हें यह जानकारी नहीं है कि रोहित की बाकी लोगों के साथ इस घटना में कोई भूमिका थी या नहीं। दहिया के मुताबिक, वह रोहित को पहचान सकते हैं, लेकिन उसका असली नाम नहीं जानते। उन्होंने बताया कि फिलहाल एफआईआर दर्ज नहीं हुई है और शिकायत को जाफराबाद थाने भेजकर जांच किए जाने की बात कही गई है।
ये भी पढ़ें: https://newsindia24x7.tv/abhinandan-varthaman-f16-shootdown-fly91-pilot/\

