Haldia Refinery Fire: पश्चिम बंगाल के हल्दिया स्थित रिफाइनरी में मंगलवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। नेफ्था ले जाने वाली पाइपलाइन में अचानक भीषण आग भड़क उठी, जिसकी लपटों ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। सुबह करीब 4 से 4:30 बजे के बीच हुई इस घटना में 10 से अधिक कर्मचारी झुलसकर घायल हो गए। हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया, जबकि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
आगजनी से कई घर हुए प्रभावित
अधिकारियों के मुताबिक, आग सबसे पहले रात करीब 2:45 बजे देखी गई। देखते ही देखते लपटें तेजी से फैलने लगीं और हल्दिया नगर पालिका के वार्ड संख्या 13 स्थित चिरंजीबपुर इलाके तक पहुंच गईं। आग की चपेट में आने से आसपास के कई घर प्रभावित हुए, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थिति पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की 12 गाड़ियों को मौके पर तैनात किया गया, जिन्होंने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
मामले में 2 की हालत हुई गंभीर
हादसे में घायल हुए सभी लोगों को तत्काल बचाकर हल्दिया उप-मंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद पांच घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें तमलुक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस के अनुसार, इनमें से दो लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है।

