Yamuna Expressway Bus Fire: ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर गुरुवार सुबह चलती स्लीपर बस अचानक आग का गोला बन गई। बस में करीब 40 से 50 यात्री सवार थे। आग लगते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और कई लोग जान बचाने के लिए बस से कूद गए। हादसे में अब तक 9 यात्रियों की मौत की पुष्टि हुई है।
दयानतपुर के पास बस में लगी आग
ग्रेटर नोएडा के जेवर क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बस में आग लगने की घटना का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में बस आग की तेज लपटों से घिरी नजर आ रही है। हादसा दयानतपुर गांव के पास हुआ, जहां बस ग्रेटर नोएडा से आगरा की ओर जा रही थी। इसी दौरान अचानक बस में आग लग गई और देखते ही देखते पूरी बस आग की चपेट में आ गई। आग लगने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही जेवर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस के मुताबिक, बस में आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
आग लगते ही यात्रियों में मची अफरा-तफरी
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आग का पता चलते ही चालक ने बस को किनारे रोक दिया। इसके बाद कई यात्री किसी तरह बस से बाहर निकल गए, जबकि कुछ ने जान बचाने के लिए बस से छलांग लगा दी। हालांकि, नोएडा पुलिस की ताजा जानकारी के अनुसार, इस भीषण अग्निकांड में अब तक 9 यात्रियों की मौत हो चुकी है।
सीएम योगी ने लिया हादसे का संज्ञान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ग्रेटर नोएडा में हुए बस अग्निकांड का संज्ञान लिया है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले यात्रियों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। सीएम ने मृतकों के परिजनों से बात कर हर संभव मदद उपलब्ध कराने को कहा। साथ ही उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

