UP: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपराधियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि वे कैराना का उदाहरण याद रखें। मथुरा में आयोजित पंचायत आजतक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि अगर यूपी में गुंडागर्दी की कोशिश की गई तो उसका बुरा हश्र होगा। सीएम ने कहा कि आज का उत्तर प्रदेश चुनौतियों से भागता नहीं, बल्कि उनमें संभावनाएं तलाशकर समाधान तक पहुंचाता है।
पिछली सरकारों पर साधा निशाना
योगी आदित्यनाथ ने पिछली सरकारों पर हमला बोलते हुए कहा कि पहले यूपी कर्फ्यू, दंगे और अराजकता के लिए जाना जाता था। उन्होंने कहा, “अब यूपी में न कर्फ्यू है, न दंगा है, यूपी में सब चंगा है।”
‘जीरो टॉलरेंस पर कोई समझौता नहीं’
कानून-व्यवस्था पर सीएम ने कैराना की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि कानून का राज क्या होता है, यह उस बेटी से पूछा जाना चाहिए जिसने बचपन में अपने पिता को खोया। उन्होंने कहा कि सरकार अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और बेटी की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को जेल या जहन्नुम में से एक जगह जाना होगा।
कैराना को लेकर फिर दी चेतावनी
सीएम योगी ने कहा कि उन्हें खुशी है कि कैराना में अब पलायन नहीं है। उन्होंने हाल में वहां अपराध की कोशिश करने वालों का जिक्र करते हुए कहा कि वे गलतफहमी में थे कि यूपी पहले जैसा है। उन्होंने कहा कि यह नए दौर का यूपी है, जो बोलता नहीं बल्कि परिणाम देता है। सरकार हर एंटी-सोशल तत्व को जवाब देने में सक्षम है और जरूरत पड़ी तो पहले से भी बड़ा जवाब दिया जाएगा। सीएम ने दावा किया कि यूपी आज सुरक्षित है और सुशासन का अनुभव कर रहा है। साथ ही उन्होंने कहा कि 2027 में बीजेपी उत्तर प्रदेश में धमाकेदार तरीके से सरकार बनाएगी।
ये भी पढ़े: तेलंगाना में CM रेवंत रेड्डी ने मंत्री कोंडा सुरेखा को कैबिनेट से हटाने की सिफारिश की

