Ujjain: उज्जैन जिले के बड़नगर में मोहर्रम जुलूस के दौरान एक वैन में विस्फोट किए जाने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया है। यह घटना 23 जून की रात अड़ान मोहल्ले में निकले जुलूस की बताई जा रही है।
40 फीट ऊंचाई पर लटकाई गई वैन
जानकारी के अनुसार, जुलूस में एक टाटा मैजिक वैन को क्रेन की मदद से करीब 40 फीट ऊंचाई पर लटकाया गया था। वैन के ऊपर दो युवक लाल झंडे लहरा रहे थे। इसके बाद वैन में विस्फोट किया गया। जिस वाहन में ब्लास्ट हुआ, उस पर “ले फिर आ गए...” लिखा हुआ था।
इंस्टाग्राम पर शेयर हुए वीडियो
बताया जा रहा है कि ‘परवेज एडिट्स-2.0’ नाम की इंस्टाग्राम आईडी से इस जुलूस के कई वीडियो साझा किए गए थे। वायरल वीडियो में वैन विस्फोट के अलावा अन्य विस्फोट जैसे दृश्य भी दिखाई दे रहे हैं, जिन्हें लेकर विवाद खड़ा हो गया है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
वीडियो सामने आने के बाद उज्जैन के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक करनदीप सिंह ने बताया कि मामले में आयोजक शोएब खान, वाहन पर झंडे लहरा रहे तालीम खान और जाहिद खान तथा क्रेन मालिक गोपाल माली के खिलाफ कार्रवाई की गई है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 125, 285, 286 और 287 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ये भी पढ़े: मोदी से मिले अमेजन CEO एंडी जैसी, 2030 तक $48 अरब निवेश और AI विस्तार की घोषणा

