Rishabh Pant Land Issue: भारतीय क्रिकेटर ऋषभ पंत ने शुक्रवार देर रात उत्तराखंड सरकार के सामने जमीन खरीदने की प्रक्रिया से जुड़ी परेशानी उठाई। पंत ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से इस मामले में स्पष्टता की मांग की।
उत्तराखंड लौटना चाहते हैं ऋषभ पंत
ऋषभ पंत ने एक्स पर लिखा कि वह लंबे समय से अपना बेस दिल्ली से उत्तराखंड शिफ्ट करना चाहते हैं, लेकिन रहने के लिए अपनी जरूरत के मुताबिक बड़ी और अच्छी जगह नहीं मिल पा रही है। उन्होंने कहा कि उन्हें उत्तराखंड से बेहद लगाव है और वह अपने राज्य लौटकर रहना चाहते हैं। पंत ने मुख्यमंत्री से जमीन खरीदने में मदद की अपील करते हुए कहा कि प्रक्रिया को लेकर स्पष्टता की कमी है और तीन साल से कोशिश के बावजूद उन्हें अब तक जमीन नहीं मिल पाई है।
उत्तराखंड के विकास में योगदान देना चाहते हैं पंत
पंत ने कहा कि उन्होंने उत्तराखंड को बढ़ावा देने के लिए भी काम किया है और अब वह अपने पहाड़ी लोगों के बीच वापस आकर राज्य के लिए कुछ करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि वह उत्तराखंड के विकास में योगदान देने के इच्छुक हैं। पंत ने मुख्यमंत्री से मामले पर ध्यान देने की अपील करते हुए कहा कि उन्हें उनके जवाब का इंतजार रहेगा।
सरकारी रेट पर जमीन खरीदना चाहते हैं पंत
एक अन्य पोस्ट में ऋषभ पंत ने कहा कि अगर सरकार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का प्रतिनिधित्व करने के लिए उन्हें जमीन उपहार में देती है तो यह उनके लिए सम्मान की बात होगी। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि वह सरकार से जमीन तय सरकारी रेट पर खरीदना पसंद करेंगे, ताकि अपने राज्य उत्तराखंड में अपना पहला घर बना सकें। पंत ने प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में मदद की अपील की। उनकी दोनों पोस्ट सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं और कुछ यूजर्स का दावा है कि इन्हें बाद में डिलीट किया जा सकता है।

