Khan Sir Allegations: बिहार की राजधानी पटना के मशहूर कोचिंग शिक्षक खान सर उर्फ फैजल खान एक बार फिर विवादों में हैं। इससे पहले रोशन आनंद के साथ उनका विवाद सामने आया था। वहीं, करीब एक महीने पहले उत्तर प्रदेश की एक लड़की ने भी खान सर के खिलाफ पीरबहोर थाने में सुरक्षा को लेकर आवेदन दिया था।
निखिल कुमार ने पुलिस से मांगी सुरक्षा
निखिल कोचिंग संस्थान के डायरेक्टर निखिल कुमार ने उत्तर प्रदेश की लड़की का समर्थन किया था। इसके बाद उन्हें खान सर के गुर्गे की ओर से धमकी मिलने का आरोप सामने आया है। निखिल कुमार ने इस मामले को लेकर पटना सिटी एसडीपीओ-1 और पटना एसएसपी को लिखित आवेदन दिया है। आवेदन में उन्होंने आरोप लगाया है कि जान से मारने के इरादे से खान सर के गुर्गों द्वारा उनकी रेकी की जा रही है।
सपोर्ट करने के बाद धमकी और रेकी का आरोप
रिपोर्ट है कि निखिल सर ने दावा किया कि उन्होंने पैसे लेने से इनकार कर दिया और कहा कि वह उन लड़कियों के बारे में भी खुलासा करेंगे, जिनका कथित तौर पर खान सर ने शोषण किया है। इसके बाद से उनके गुर्गों की ओर से रेकी करने और धमकी देने का आरोप लगाया है। निखिल के मुताबिक, उन्हें कहा गया कि इस मामले से पीछे हट जाएं, नहीं तो उन्हें पछताना पड़ेगा। इसके बाद उन्होंने पुलिस से सुरक्षा और कार्रवाई की गुहार लगाई।
लाखों रुपये देकर चुप कराने की कोशिश का आरोप
निखिल कुमार ने आरोप लगाया कि जब वह खान सर के बारे में मीडिया के सामने कथित सच्चाई सामने ला रहे थे, तब उन्हें लाखों रुपये देकर खरीदने और इस मामले से पीछे हटाने की कोशिश की गई। निखिल के मुताबिक, जब उन्होंने पैसे लेने से इनकार कर दिया तो उनकी रेकी कराई जाने लगी और उन्हें अपनी जान का खतरा है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पटना के सीनियर एसपी को भी जानकारी दी है। निखिल ने दावा किया कि खान सर से जुड़े कई सबूत उनके पास हैं और आधा दर्जन से अधिक लड़कियां भी उनके संपर्क में हैं।

