Tamil Nadu Temple Mobile Ban: तमिलनाडु के मंदिरों में दर्शन करने जा रहे हैं तो मोबाइल को लेकर नया नियम जानना जरूरी है। राज्य सरकार ने मंगलवार से 52 प्रमुख मंदिरों के अंदर मोबाइल फोन ले जाने पर रोक लगा दी है। हालांकि, कैमरे के बिना साधारण मोबाइल फोन ले जाने की छूट दी गई है। सरकार ने यह फैसला मंदिरों की पवित्रता और व्यवस्था को बनाए रखने के लिए लागू किया है।
रील बनाने वालों पर भी कसेगा शिकंजा
सरकार के मुताबिक, मंदिर परिसरों में युवा श्रद्धालुओं के रील बनाने और तस्वीरें खींचने की घटनाएं बढ़ रही थीं। इससे मंदिर की पवित्रता और धार्मिक माहौल प्रभावित होने की शिकायतें सामने आईं। इसी को देखते हुए प्रमुख मंदिरों में कैमरे वाले मोबाइल फोन पर रोक लगाई गई है।
मोबाइल जमा करने के लिए बने काउंटर
धर्मार्थ मंत्री श्री रमेश के मुताबिक, मंदिरों में रील बनाने के बढ़ते मामलों को देखते हुए मोबाइल प्रतिबंध लागू किया गया है। पलानी, तिरुचेंदूर, मदुरै और रामेश्वरम मंदिरों में मोबाइल पर पहले से रोक है। अब अन्य प्रमुख मंदिरों के प्रवेश द्वार पर भी मोबाइल जमा करने के लिए अलग काउंटर बनाए गए हैं। श्रद्धालुओं से प्रति फोन 5 रुपये का टोकन शुल्क लिया जाएगा, जबकि मंदिर परिसर के आसपास बहुभाषी नोटिस बोर्ड लगाकर नए नियम की जानकारी दी जाएगी।

