Akhilesh Yadav: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर दिलचस्प बयान दिया है। मंगलवार को वाराणसी पहुंचे अखिलेश से जब पत्रकारों ने पूछा कि क्या वह आगामी चुनाव यहां से लड़ेंगे, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, "हम मुख्यमंत्री तभी बनते हैं जब चुनाव नहीं लड़ते हैं, इसलिए शुभ काम करेंगे।" उनके इस बयान के बाद उनकी चुनावी सीट को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं।
मुख्यमंत्री बनने के पुराने सफर का दिया हवाला
अखिलेश यादव ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उन्हें शुभ और खराब समय का ज्ञान है। उन्होंने वाराणसी से चुनाव लड़ने के सवाल पर सीधे हां या ना में जवाब नहीं दिया। उनका यह बयान इसलिए भी चर्चा में है, क्योंकि 2012 में जब समाजवादी पार्टी की सरकार बनी थी और अखिलेश मुख्यमंत्री बने थे, तब वह लोकसभा सांसद थे। बाद में उन्होंने कन्नौज लोकसभा सीट छोड़कर विधान परिषद का रास्ता चुना था। वह 2012 से 2018 तक उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सदस्य रहे। यानी मुख्यमंत्री बनने के लिए उन्होंने सीधे विधानसभा चुनाव नहीं लड़ा था।
2027 में किस सीट से चुनाव लड़ेंगे अखिलेश?
उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले अखिलेश यादव की चुनावी सीट को लेकर सवाल उठने लगे हैं। समाजवादी पार्टी इस चुनाव में बीजेपी को चुनौती देने की तैयारी कर रही है। ऐसे में अखिलेश किस सीट से मैदान में उतरेंगे, यह पार्टी की रणनीति का अहम हिस्सा हो सकता है। वाराणसी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संसदीय क्षेत्र है और पूर्वांचल की राजनीति में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। हालांकि, अखिलेश ने अपने बयान में किसी सीट का नाम नहीं लिया और न ही यह स्पष्ट किया कि वह 2027 का विधानसभा चुनाव लड़ेंगे या नहीं।
अयोध्या से चुनाव लड़ने को लेकर योगी को दिया था चैलेंज
इससे पहले अक्टूबर में अयोध्या पहुंचे अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को वहीं से चुनाव लड़ने की चुनौती दी थी। उन्होंने कहा था कि अगर मुख्यमंत्री अपने दावों को लेकर इतने आश्वस्त हैं तो उन्हें अयोध्या से चुनाव लड़कर दिखाना चाहिए। इस पर सीएम योगी ने जवाब देते हुए कहा था कि अयोध्या उनका पावन धाम है और वह वहां इसलिए जाते हैं, ताकि विकास में कोई कमी न रहे और उत्तर प्रदेश की पहचान पर कोई कलंक न लगे। उन्होंने अखिलेश को अयोध्या से चुनाव लड़ने का ऑफर देते हुए कहा था कि वह भी नामांकन करें और वह भी मैदान में उतरेंगे।
राजभर के बयान और बीजेपी की सीटों पर भी बोले अखिलेश
उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर के खुद को सबसे बड़ा गुंडा बताने वाले बयान पर अखिलेश यादव ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जो खुद को सबसे बड़ा माफिया बता रहे हैं, वे अपने मंत्रिमंडल में बैठे माफियाओं को डराना चाहते हैं। अखिलेश ने दावा किया कि बीजेपी के 100 विधायकों की सीटें छिनेंगी और पार्टी की 200 सीटें जाएंगी। उन्होंने कहा कि इसकी शुरुआत मंत्रियों की सीटों से होगी।
एमएलसी चुनाव के नतीजों को लेकर बीजेपी पर हमला
बनारस की दोनों एमएलसी सीटों पर समाजवादी पार्टी की जीत के पीछे की वजह बताते हुए अखिलेश यादव ने पाल समाज का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पाल समाज को लाठी मारने वालों का हिसाब हुआ है। मणिकर्णिका घाट पर ध्वस्तीकरण के मुद्दे पर पाल समाज उनके साथ रहा। अखिलेश ने कहा कि जिन्हें मां गंगा ने बुलाया था, वे मां गंगा को भूल गए। बाबा विश्वनाथ ने सभी को आशीर्वाद दिया है और मणिकर्णिका घाट को तोड़ने की सजा मिली है। उन्होंने देवी अहिल्याबाई को राजमाता बताते हुए कहा कि उन्होंने भी इन्हें सबक सिखाया है।
ये भी पढ़ें: यूक्रेन के डिफेंस सेक्टर में 900 करोड़ रुपये लगाएगा नॉर्वे, NATO देश का बड़ा ऐलान

