Aligarh: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ के क्वार्सी थाना क्षेत्र स्थित नगला किला के पास रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई। पुलिस के अनुसार, बेटे रिहान ने अपने दोस्त समीर के साथ मिलकर पिता बादशाह अली की चाकू मारकर हत्या कर दी। आरोपियों ने पहले उन्हें मिलने के बहाने बुलाया, फिर सुनसान इलाके में ले जाकर कई बार चाकू से हमला किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद दोनों फरार हो गए।
तकनीकी जांच से आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। डीएसपी सर्वम सिंह ने बताया कि घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी जांच के आधार पर रिहान और समीर की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में दोनों ने हत्या की साजिश और अपनी भूमिका स्वीकार कर ली। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य भी बरामद किए हैं।
दूसरी शादी और मकान बना विवाद की वजह
पूछताछ में रिहान ने बताया कि पिता उसकी मां को परेशान करते थे। मां की मौत के बाद उन्होंने दूसरी शादी कर ली, जिससे परिवार में तनाव बढ़ गया। रिहान का आरोप है कि पिता उसकी मां की आखिरी निशानी माने जाने वाले मकान को अपनी दूसरी पत्नी के नाम करना चाहते थे। इसी विवाद और बढ़ते गुस्से के चलते उसने दोस्त के साथ हत्या की साजिश रची। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में दूसरी शादी और संपत्ति विवाद हत्या की मुख्य वजह सामने आई है, हालांकि अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है। फोरेंसिक जांच कराई जा रही है और पुलिस मजबूत चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी में जुटी है।
ये भी पढ़े: https://newsindia24x7.tv/abhishek-banerjee-amtala-office-demolition-calcutta-high-court-relief/

