Tuesday, Sep 01

होम = मनोरंजन = तमन्ना के कमेंट पर मचा था बवाल, अन्नू कपूर बोले- ‘मिल्की बॉडी’ कहने में क्या दिक्कत है?

तमन्ना के कमेंट पर मचा था बवाल, अन्नू कपूर बोले- ‘मिल्की बॉडी’ कहने में क्या दिक्कत है?

by | Aug 31, 2026 | मनोरंजन

Annu Kapoor Tamanna Bhatia: बॉलीवुड अभिनेता अन्नू कपूर एक बार फिर अपने पुराने बयान को लेकर चर्चा में हैं। उन्होंने अभिनेत्री तमन्ना भाटिया के लिए ‘दूधिया बदन’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया था, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उन्हें काफी ट्रोल किया गया। अब अभिनेता ने उस बयान पर सफाई देते हुए कहा है कि लोगों को हिंदी में इस्तेमाल किए गए शब्दों से परेशानी होती है, जबकि अंग्रेजी के उसी अर्थ वाले शब्दों पर कोई आपत्ति नहीं होती।

पॉडकास्ट में तमन्ना को लेकर किया था कमेंट

पूरा मामला पिछले साल एक पॉडकास्ट से जुड़ा है। बातचीत के दौरान अन्नू कपूर से तमन्ना भाटिया के बारे में पूछा गया था कि क्या वह उन्हें पसंद करते हैं। इसके जवाब में अभिनेता ने तमन्ना के लिए ‘दूधिया बदन’ शब्द का इस्तेमाल किया था। उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने आपत्ति जताई और अन्नू कपूर को जमकर ट्रोल किया गया। बयान को लेकर विवाद बढ़ने के बाद अभिनेता ने अब इस पर अपनी सफाई दी है।

अन्नू कपूर ने ट्रोलर्स को दिया जवाब

एक इंटरव्यू में अन्नू कपूर ने कहा कि भारतीयों ने लंबे समय तक गुलामी का दौर देखा है और इसका असर आज भी लोगों की सोच पर है। उनका तर्क था कि अगर किसी महिला के लिए अंग्रेजी में ‘मिल्की बॉडी’ जैसे शब्द इस्तेमाल किए जाएं तो लोग उसे सामान्य मान लेते हैं, लेकिन हिंदी में वही बात कहने पर आपत्ति जताई जाती है। उन्होंने कहा कि देश को राजनीतिक आजादी तो 1947 में मिल गई, लेकिन उनके मुताबिक लोगों की मानसिकता में गुलामी का प्रभाव अभी भी मौजूद है। इसी संदर्भ में उन्होंने अपने पुराने बयान को लेकर लोगों की प्रतिक्रिया पर सवाल उठाया।

तमन्ना को लेकर भी की थी टिप्पणी

अन्नू कपूर ने बातचीत के दौरान तमन्ना को लेकर एक और टिप्पणी की थी। उन्होंने उनके लिए ‘सदा सुहागन’ जैसे आशीर्वाद वाले शब्द कहे। जब उन्हें बताया गया कि तमन्ना की शादी नहीं हुई है, तो उन्होंने अपने शब्दों को स्पष्ट करते हुए कहा कि उनका मतलब अभिनेत्री के अच्छे और स्वस्थ रहने से था।

विवाद पर मांगी थी माफी

अन्नू कपूर ने यह भी कहा था कि अगर उनके शब्दों से तमन्ना को बुरा लगा हो तो वह इसके लिए माफी मांगते हैं। हालांकि, उन्होंने अपने बयान को लेकर सोशल मीडिया पर उन्हें ट्रोल करने वाले लोगों की सोच पर भी सवाल उठाए। फिलहाल, तमन्ना भाटिया को लेकर दिया गया अन्नू कपूर का पुराना बयान एक बार फिर चर्चा में है और सोशल मीडिया पर इसको लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

ये भी पढ़ें: https://newsindia24x7.tv/greater-noida-sleeper-bus-16-year-old-student-gangrape-driver-conductor-arrested/