Atiq Ahmed family: माफिया डॉन और पूर्व सांसद अतीक अहमद के परिवार पर पिछले तीन वर्षों से लगातार संकट गहराता गया है। पहले उमेश पाल हत्याकांड के बाद पुलिस कार्रवाई में उसके बेटे असद अहमद की मौत हुई, फिर पुलिस हिरासत में अतीक और उसके भाई अशरफ अहमद की हत्या कर दी गई। अब अतीक के बेटे आबान की सड़क हादसे में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह अपने भाई अली अहमद से जेल में मिलने जा रहा था, तभी हादसा हुआ। इस घटना के बाद एक बार फिर सवाल उठ रहा है कि अतीक के परिवार में अब कौन-कौन बचा है।
उमेश पाल हत्याकांड के बाद शुरू हुई कार्रवाई
24 फरवरी 2023 को प्रयागराज में बसपा विधायक रहे राजू पाल हत्याकांड के मुख्य गवाह उमेश पाल और उनके दो सरकारी गनरों की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई। इस मामले में अतीक अहमद और उसके गैंग पर आरोप लगे, जिसके बाद उत्तर प्रदेश पुलिस और एसटीएफ ने आरोपियों के खिलाफ व्यापक अभियान शुरू किया।
27 फरवरी 2023 को पुलिस ने प्रयागराज में आरोपी अरबाज को मुठभेड़ में मार गिराया। पुलिस के अनुसार, वह उमेश पाल हत्याकांड में इस्तेमाल हुई क्रेटा कार चला रहा था और अतीक परिवार का करीबी था।
इसके बाद 6 मार्च 2023 को एक अन्य आरोपी विजय चौधरी उर्फ उस्मान भी पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। पुलिस का दावा था कि उसी ने उमेश पाल पर पहली गोली चलाई थी।
असद का एनकाउंटर और अतीक-अशरफ की हत्या
करीब 50 दिन तक फरार रहने के बाद 13 अप्रैल 2023 को अतीक के तीसरे बेटे असद अहमद और उसके साथी गुलाम को झांसी में यूपी एसटीएफ ने मुठभेड़ में मार गिराया। दोनों पर पांच-पांच लाख रुपये का इनाम था और पुलिस के अनुसार वे उमेश पाल हत्याकांड के मुख्य आरोपी थे। मौके से विदेशी पिस्टल, कारतूस और मोटरसाइकिल भी बरामद हुई थी।
दो दिन बाद, 15 अप्रैल 2023 की रात प्रयागराज के कॉल्विन अस्पताल के बाहर पुलिस हिरासत में मेडिकल जांच के लिए ले जाए जा रहे अतीक अहमद और अशरफ अहमद की तीन हमलावरों ने पत्रकार बनकर बेहद करीब से गोली मारकर हत्या कर दी। पूरी वारदात कैमरों में कैद हुई। पुलिस ने मौके से लवलेश तिवारी, अरुण मौर्य और सनी सिंह को गिरफ्तार किया। मामले की जांच के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने न्यायिक आयोग का गठन किया था।
अब सड़क हादसे में आबान की मौत
परिवार पर संकट का सिलसिला यहीं नहीं रुका। अब अतीक के बेटे आबान की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। बताया गया कि वह जेल में बंद अपने भाई अली अहमद से मिलने जा रहा था। वर्ष 2023 में आबान और उसका भाई एहजम नाबालिग थे। अतीक और शाइस्ता पर कार्रवाई के बाद दोनों को बाल संरक्षण गृह भेजा गया था। अक्टूबर 2023 में दोनों रिहा होकर परिजनों के साथ रहने लगे थे।
परिवार में अब कौन-कौन बचा है?
अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन अब भी उमेश पाल हत्याकांड में वांछित हैं और लंबे समय से फरार हैं। बड़ा बेटा उमर अहमद लखनऊ जेल में न्यायिक हिरासत में है, जबकि अली अहमद नैनी सेंट्रल जेल में बंद है। असद अहमद की 2023 में मुठभेड़ में मौत हो चुकी है और अब आबान भी सड़क हादसे में जान गंवा चुका है। सबसे छोटे बेटे एहजम के बारे में जानकारी है कि वह अक्टूबर 2023 में बाल संरक्षण गृह से रिहा होने के बाद अपनी बुआ के साथ रह रहा है।
पिछले तीन वर्षों की घटनाओं ने अतीक अहमद के परिवार को लगभग पूरी तरह बिखेर दिया है। फिलहाल परिवार के कुछ सदस्य जेल में हैं, एक सदस्य फरार है और कई मामलों में कानूनी कार्रवाई अब भी जारी है।
ये भी पढ़े: 18 साल में सिर्फ 2 विमान उतरे! जानिए मेघालय के बलजेक एयरपोर्ट की अनोखी कहानी

