Ayodhya Deepotsav 2026: अयोध्या एक बार फिर भव्य दीपोत्सव के लिए तैयार है। 7 नवंबर को आयोजित होने वाले दसवें दीपोत्सव को यादगार बनाने के लिए शहर में तैयारियां जोरों पर हैं। राम की पैड़ी समेत सरयू नदी के विभिन्न घाटों को मिट्टी के दीयों से सजाया जा रहा है। इस बार 56 घाटों पर करीब 30 लाख दीये जलाकर सरयू तट को रोशन करने की योजना है। इसके लिए बड़ी संख्या में स्वयंसेवक दीये सजाने में जुटे हुए हैं।
तीन स्तरीय सुरक्षा घेरे में रहेगा दीपोत्सव
दीपोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और मेहमानों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के व्यापक इंतजाम किए हैं। पूरे आयोजन क्षेत्र को तीन स्तरीय सुरक्षा घेरे में रखा गया है।
मंगलवार को रामकथा पार्क परिसर में एडीजी जोन प्रवीण कुमार की अध्यक्षता में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियां सौंपी गईं। साथ ही भीड़ नियंत्रण, वीवीआईपी आवागमन, यातायात और आयोजन स्थल की सुरक्षा को लेकर जरूरी निर्देश दिए गए।
रामपथ और धर्मपथ पर वाहनों की आवाजाही बंद
प्रशासन ने 7 नवंबर को मुख्य आयोजन के दौरान रामपथ और धर्मपथ पर सभी तरह के वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रखने का फैसला किया है। शहर के प्रमुख रास्तों, प्रवेश द्वारों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती होगी। अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाए रखने, सतर्क रहने और आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है।
एडीजी प्रवीण कुमार ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और भीड़ प्रबंधन को ध्यान में रखकर सभी व्यवस्थाएं की गई हैं। वहीं, जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने कहा कि सभी विभागों को आपसी तालमेल के साथ जिम्मेदारियां निभाने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन का लक्ष्य दीपोत्सव को बिना किसी बाधा के सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना है। अब 7 नवंबर को 30 लाख दीयों की रोशनी से सरयू तट के जगमगाने का इंतजार है।
ये भी पढ़े: झारखंड के खूंटी में भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार ट्रक ने 7 लोगों को कुचला

