AI: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते दौर में 19 वर्षीय आयुष सिंह की कहानी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। दावा किया जा रहा है कि वह अपने AI आधारित बिजनेस के जरिए हर महीने करीब 1 करोड़ रुपये की कमाई कर रहे हैं। उनकी सफलता की कहानी कई युवाओं को प्रेरित कर रही है।
कम उम्र में शुरू किया AI का सफर
खास बात यह है कि आयुष ने IIT या MIT जैसे किसी प्रतिष्ठित संस्थान से पढ़ाई नहीं की है। उन्होंने अपनी मेहनत और जिज्ञासा के दम पर AI और मशीन लर्निंग की जानकारी हासिल की। बताया जाता है कि उन्होंने महज 13 साल की उम्र में ही AI और मशीन लर्निंग सीखना शुरू कर दिया था। जिस उम्र में अधिकांश बच्चे खेल और पढ़ाई में व्यस्त रहते हैं, उस समय आयुष नई तकनीकों को समझने में लगे हुए थे।
कोर्स बेचकर हो रही कमाई
समय के साथ AI क्षेत्र में अनुभव हासिल करने के बाद आयुष ने अपनी जानकारी दूसरों तक पहुंचाने का फैसला किया। वह ऑनलाइन ट्रेनिंग प्रोग्राम चलाते हैं, जहां लोगों को AI, मशीन लर्निंग और नई तकनीकों से जुड़ी जानकारी दी जाती है। बताया जाता है कि वह अपने प्रोग्राम Topmate प्लेटफॉर्म पर बेचते हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, लॉकडाउन के दौरान उन्होंने AI को गंभीरता से समझना और उस पर काम करना शुरू किया था।
सोशल मीडिया पर उठ रहे सवाल
हालांकि आयुष की सफलता की कहानी को लेकर सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ लोग उनकी उपलब्धि की सराहना कर रहे हैं, जबकि कुछ यूजर्स इसे संदेह की नजर से देख रहे हैं। आलोचकों का कहना है कि उनके AI कोर्स में खास सामग्री नहीं है और कई कोर्स AI की मदद से तैयार किए गए हैं। बावजूद इसके, बड़ी संख्या में लोग उनके प्रोग्राम्स से जुड़ रहे हैं, जिसके चलते उनकी कमाई लाखों से बढ़कर करोड़ों रुपये तक पहुंचने का दावा किया जा रहा है।
ये भी पढ़े: बिजनौर में गर्म राख बनी काल! डेढ़ महीने बाद 13 वर्षीय साद की मौत, परिवार ने मांगी सख्त कार्रवाई

