Thursday, Sep 03

होम = Cover Story Global = बांग्लादेश में हिंदू परिवार के 4 लोगों की संदिग्ध मौत, छत पर पिता तो बेड के नीचे मिला बेटे का शव

बांग्लादेश में हिंदू परिवार के 4 लोगों की संदिग्ध मौत, छत पर पिता तो बेड के नीचे मिला बेटे का शव

by | Aug 23, 2026 | Cover Story Global

Bangladesh Hindu Family Murder: बांग्लादेश के रंगपुर शहर में एक ही परिवार के चार सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दासपारा (मछुआपारा) इलाके में एक बंद घर से रिटायर्ड शिक्षक, उनकी पत्नी, बेटी और 12 वर्षीय बेटे के शव अलग-अलग जगहों से बरामद किए गए। शुरुआती जांच में पुलिस और CID को आशंका है कि चारों की गला घोंटकर हत्या की गई हो सकती है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।

अलग-अलग जगहों पर मिले चारों शव

'द डेली स्टार' की रिपोर्ट के मुताबिक, शनिवार रात करीब 11:30 बजे पुलिस को घर के अंदर चार शव मिले। मृतकों की पहचान गणपति चक्रवर्ती (65), उनकी पत्नी प्रीतिलता चक्रवर्ती (50), बेटी आगामी चक्रवर्ती प्रार्थी (23) और बेटे प्रियम चक्रवर्ती (12) के रूप में हुई है। रंगपुर मेट्रोपॉलिटन CID के अधिकारी सुबीर चौधरी के मुताबिक, गणपति चक्रवर्ती का शव घर की छत पर मिला। उनकी पत्नी और बेटी के शव सीढ़ियों से बरामद किए गए, जबकि 12 वर्षीय बेटे का शव एक बेड के नीचे मिला।

गला घोंटकर हत्या की आशंका

प्रारंभिक जांच के आधार पर CID को आशंका है कि परिवार के चारों सदस्यों की गला घोंटकर हत्या की गई। अधिकारियों के मुताबिक, वारदात गुरुवार आधी रात से शुक्रवार तड़के के बीच होने की संभावना है। हालांकि पुलिस ने अभी मौत की वजह को अंतिम रूप से स्पष्ट नहीं किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह पता चल सकेगा कि चारों की मौत किस वजह से हुई।

गुरुवार से बंद थे परिवार के मोबाइल

परिजनों के मुताबिक, गुरुवार रात से परिवार के चारों सदस्यों के मोबाइल फोन बंद आ रहे थे। प्रीतिलता की छोटी बहन पूजा चक्रवर्ती ने बताया कि उन्होंने अपनी बहन से आखिरी बार गुरुवार दोपहर बातचीत की थी। लगातार फोन बंद मिलने के बाद परिवार के लोग शनिवार रात दासपारा स्थित घर पहुंचे। वहां मुख्य गेट बंद था और घर के अंदर की सभी लाइटें बंद थीं। शक होने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद घर का ताला तोड़ा गया। अंदर दाखिल होने पर परिवार के चारों सदस्यों के शव अलग-अलग स्थानों पर मिले।

परिवार की किसी से दुश्मनी नहीं थी

परिजनों का कहना है कि गणपति चक्रवर्ती की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। उनकी भतीजी सोमा चक्रवर्ती के मुताबिक, पिछले साल 31 दिसंबर को रंगपुर जिला स्कूल से सेवानिवृत्त होने के बाद गणपति होम्योपैथी प्रैक्टिशनर के तौर पर काम कर रहे थे। गणपति की बेटी आगामी चक्रवर्ती प्रार्थी ने इसी साल रंगपुर के कारमाइकल कॉलेज से अंग्रेजी में मास्टर्स की पढ़ाई पूरी की थी। वहीं उनका 12 वर्षीय बेटा प्रियम रंगपुर जिला स्कूल में पांचवीं कक्षा का छात्र था। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह परिवार करीब चार साल से इलाके में रह रहा था। गणपति ने यहां तीन मंजिला मकान बनवाया था, जिसका कुछ निर्माण कार्य अभी बाकी था।

पुलिस, CID और DB कर रही जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के साथ CID और डिटेक्टिव ब्रांच (DB) की टीमें भी जांच में जुटी हैं। रंगपुर मेट्रोपॉलिटन कोतवाली पुलिस स्टेशन के प्रभारी नजमुल कादर ने घटना की पुष्टि की है। रंगपुर मेट्रोपॉलिटन पुलिस कमिश्नर मोहम्मद अब्दुल माबूद ने कहा कि मामले की जांच सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ की जा रही है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की वास्तविक वजह सामने आएगी। फिलहाल जांच एजेंसियां घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, परिवार की परिस्थितियों और संभावित कारणों की पड़ताल कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही इस सनसनीखेज घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

ये भी पढ़ें: https://newsindia24x7.tv/delhi-pregnant-defence-ministry-officer-nazia-khanam-death-case/