Bank Strike: अगर आपको बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम है तो यह खबर आपके लिए अहम है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) की ओर से 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल बुलाई गई है। इसके चलते बैंक की ब्रांच से जुड़ी कई सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं।
5 दिन काम की प्रमुख मांग
बैंक यूनियनों की प्रमुख मांग सप्ताह में 5 दिन काम का नियम लागू करना है। फिलहाल बैंक कर्मचारियों को दूसरे और चौथे शनिवार को छुट्टी मिलती है, जबकि बाकी शनिवार कामकाजी दिन होते हैं। इसके अलावा पेंशन संशोधन समेत अन्य मांगों को लेकर भी हड़ताल बुलाई गई है।
रविवार को खोली गईं बैंक ब्रांच
तीन दिन की हड़ताल से ग्राहकों को होने वाली परेशानी को देखते हुए रविवार 27 सितंबर को सरकारी बैंकों की ब्रांच खोली गईं, ताकि लोग अपने जरूरी बैंकिंग काम पहले ही निपटा सकें। सरकारी बैंकों की ओर से ग्राहकों को रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर मैसेज भेजकर भी हड़ताल की जानकारी दी गई और जरूरी काम पहले पूरा करने की सलाह दी गई।
इन बैंकिंग सेवाओं पर पड़ सकता है असर
हड़ताल के दौरान ब्रांच से जुड़े कई काम प्रभावित हो सकते हैं। इनमें कैश जमा या निकासी, चेक से जुड़े काम, डॉक्यूमेंट जमा करना और KYC जैसे कार्य शामिल हैं।
डिजिटल बैंकिंग से जारी रहेंगे कई काम
ब्रांच बंद रहने के बावजूद डिजिटल और ऑनलाइन बैंकिंग सेवाओं का इस्तेमाल किया जा सकता है। ग्राहक ATM से कैश निकालने, UPI के जरिए बिल भुगतान या लेनदेन और ऑनलाइन मनी ट्रांसफर जैसी सेवाओं का इस्तेमाल कर सकते हैं। अकाउंट बैलेंस चेक करने की सुविधा भी जारी रह सकती है। हालांकि, हड़ताल के दौरान ATM में कैश की उपलब्धता प्रभावित होने की संभावना बताई गई है। ऐसे में जरूरी कैश की जरूरत वाले ग्राहकों को पहले से तैयारी करने की सलाह दी गई है।
ये भी पड़े: पाकिस्तान में डबल अटैक से दहशत, आत्मघाती विस्फोट के बाद रेस्क्यू टीम पर हमला, 13 की मौत

