Monday, Sep 28

होम = Cover Story Latest = बैंक ग्राहकों के लिए राहत, हड़ताल टली; जानिए आज बैंक खुले हैं या छुट्टी?

बैंक ग्राहकों के लिए राहत, हड़ताल टली; जानिए आज बैंक खुले हैं या छुट्टी?

by | Sep 28, 2026 | Cover Story Latest, Others

Bank Strike Today: बैंक ग्राहकों के लिए राहत की खबर है। तीन दिन की देशव्यापी बैंक हड़ताल टल गई है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने रविवार देर रात इसका ऐलान किया। हड़ताल टलने के बाद अब ग्राहकों के बीच सबसे बड़ा सवाल यही है कि सोमवार को बैंक खुलेंगे या बंद रहेंगे। दरअसल, रविवार रात हुई अहम बैठक के बाद हड़ताल को टालने का फैसला लिया गया है।

IBA और UFBU की बैठक के बाद फैसला

रविवार रात करीब 9:30 बजे इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और UFBU के बीच बैठक हुई। इसमें बैंक कर्मचारियों के लिए सभी शनिवार को छुट्टी देने की लंबे समय से चली आ रही मांग के साथ यूनियनों के अन्य मुद्दों पर भी चर्चा हुई। बैठक के बाद UFBU ने तीन दिन की प्रस्तावित देशव्यापी हड़ताल टालने का ऐलान किया। इससे बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने की आशंका फिलहाल टल गई है।

आज सामान्य रूप से खुले रहेंगे बैंक

तीन दिवसीय बैंक हड़ताल स्थगित होने के बाद आज 28 सितंबर को सभी सरकारी और निजी बैंक सामान्य रूप से खुले रहेंगे। बैंक शाखाओं में रोजाना की तरह कामकाज जारी रहेगा। अगर IBA और UFBU के बीच रविवार देर रात हुई बैठक के बाद भी यूनियनें हड़ताल पर अड़ी रहतीं, तो बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हो सकती थीं। हालांकि, बैठक में कुछ मुद्दों पर सहमति बनने के बाद हड़ताल को तत्काल प्रभाव से टाल दिया गया।

शनिवार की छुट्टी के मुद्दे पर बनेगी हाई-लेवल कमेटी

एजेंसी PTI के मुताबिक, UFBU ने बताया कि यूनियनों की मांगों पर IBA से मिले आश्वासन के बाद तीन दिवसीय हड़ताल टालने का फैसला लिया गया। अब IBA और UFBU की एक हाई-लेवल कमेटी बनाई जाएगी, जो सभी शनिवार को छुट्टी देने की मांग पर चर्चा करेगी। कमेटी संभावित विकल्पों पर विचार करने के साथ सभी हितधारकों के साथ ऐसे समाधान की दिशा में काम करेगी, जिस पर सहमति बन सके और बैंक ग्राहकों के हित भी प्रभावित न हों।

ये भी पढ़ें: Bank Strike: कल से 3 दिन बंद रहेंगे बैंक, जानिए किन सेवाओं पर पड़ेगा असर