Bareilly: उत्तर प्रदेश के बरेली के बहेड़ी थाना क्षेत्र से पति-पत्नी के विवाद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। करीब दो मिनट के वीडियो में एक व्यक्ति सड़क पर एक महिला और उसके साथ मौजूद युवक से मारपीट करता नजर आ रहा है। बताया जा रहा है कि महिला और मारपीट करने वाला व्यक्ति पति-पत्नी हैं।
जानकारी के मुताबिक, पति को लंबे समय से शक था कि उसकी पत्नी किसी दूसरे युवक से बातचीत करती है। इसी के चलते वह उसकी गतिविधियों पर नजर रखने लगा था। दावा है कि एक दिन उसने पत्नी को एक कार में एक युवक के साथ देख लिया। युवक को महिला का कथित प्रेमी बताया जा रहा है। इसके बाद पति ने दोनों को सड़क पर रोक लिया और विवाद मारपीट में बदल गया।
सड़क पर हुआ हंगामा, वीडियो वायरल
वायरल वीडियो में महिला और युवक के साथ मारपीट होती दिखाई दे रही है। घटना के दौरान सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। किसी व्यक्ति ने करीब दो मिनट की पूरी घटना रिकॉर्ड कर ली, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल है। वीडियो सामने आने के बाद लोग इस पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। हालांकि, महिला और उसके साथ मौजूद युवक की ओर से इस मामले में अब तक कोई बयान सामने नहीं आया है।
पुलिस ने लिया वीडियो का संज्ञान
वीडियो वायरल होने के बाद मामला पुलिस के संज्ञान में आया। सीओ अरुण कुमार सिंह के मुताबिक, अभी किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल बहेड़ी क्षेत्र में हुई इस कथित मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

