Bengaluru: बेंगलुरु में घर किराए पर लेने पहुंचे एक व्यक्ति का अनुभव सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। रेडिट पर शेयर की गई पोस्ट में उसने बताया कि महंगे किराए और भारी सिक्योरिटी डिपॉजिट का अंदाजा तो था, लेकिन मकान मालिक के सवालों ने उसे हैरान कर दिया।
सैलरी से लेकर LinkedIn प्रोफाइल तक पूछे सवाल
पोस्ट के मुताबिक, मकान मालिक ने सिर्फ नौकरी और सैलरी ही नहीं पूछी, बल्कि शादीशुदा होने, भविष्य में शादी की योजना, माता-पिता के आने-जाने, दोस्तों के घर आने, खान-पान की आदतों और ड्रिंक या स्मोक करने जैसे सवाल भी किए। इसके अलावा आने-जाने का समय, LinkedIn प्रोफाइल, पिछले तीन महीने की सैलरी स्लिप और पुराने मकान मालिक का रेफरेंस भी मांगा गया।
किराएदार ने मजाकिया अंदाज में लिखा कि क्या अब 10वीं की मार्कशीट, ब्लड ग्रुप और सिफारिश पत्र भी देना होगा। उसने बताया कि उसे ₹35,000 से अधिक मासिक किराया, 10 महीने का एडवांस सिक्योरिटी डिपॉजिट और अलग से पानी का अनिश्चित बिल भी देना पड़ रहा है।
सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं
रेडिट पर यह पोस्ट वायरल होने के बाद लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आईं। एक यूजर ने लिखा कि 2017 से बेंगलुरु में रहने और पांच बार मकान बदलने के बावजूद उसके साथ ऐसा कभी नहीं हुआ। वहीं दूसरे यूजर ने कहा कि यह पूरी तरह मकान मालिक पर निर्भर करता है। कुछ लोगों ने सकारात्मक अनुभव भी साझा किए और बताया कि उनके मकान मालिक ने डिपॉजिट से केवल चाबी और मामूली पेंटिंग का खर्च ही काटा। कई यूजर्स का कहना था कि बेंगलुरु में घर ढूंढना अब इंटरव्यू पास करने जैसा अनुभव बनता जा रहा है।
ये भी पढ़े: होर्मुज पर टोल लगाने की तैयारी? जहाजों से टैक्स वसूली को लेकर ओमान से बातचीत

