Sant Ravidas Nagar Rename: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी में भाजपा के 'समरसता संकल्प अभियान' के शुभारंभ कार्यक्रम में घोषणा की कि संत गुरु रविदास की 650वीं जयंती के अवसर पर भदोही जिले का नाम फिर से संत रविदास नगर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह केवल नाम परिवर्तन नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने वाले महापुरुषों को सम्मान देने का संकल्प है।
सपा पर साधा निशाना
योगी ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी की सरकार ने संत रविदास के नाम पर बने जिले का नाम बदलकर गलती की थी। उन्होंने कहा कि समाज को जोड़ने वाले लोग अपने संस्थानों का नाम संतों और महापुरुषों पर रखते हैं, जबकि समाज को बांटने वालों के आदर्श बाबर और औरंगजेब हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सपा सरकार ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के नाम पर बने कन्नौज मेडिकल कॉलेज का नाम भी बदल दिया था, जिसे उनकी सरकार ने फिर से बहाल किया।
2012 में बदले गए थे आठ जिलों के नाम
योगी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जालंधर एयरपोर्ट का नाम संत रविदास और अयोध्या एयरपोर्ट का नाम महर्षि वाल्मीकि के नाम पर रखने का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यह महापुरुषों को सम्मान देने की नीति का हिस्सा है।
उन्होंने याद दिलाया कि 2012 में अखिलेश यादव सरकार ने मायावती सरकार के दौरान बनाए या बदले गए आठ जिलों—कांशीराम नगर, छत्रपति शाहूजी महाराज नगर, रमाबाई नगर, भीम नगर, प्रबुद्ध नगर, पंचशील नगर, ज्योतिबा फुले नगर और महामाया नगर—के नाम फिर पुराने नामों में बदल दिए थे। मायावती ने इसे दलित महापुरुषों का अपमान बताया था, जबकि सपा ने इसे पुराने और प्रचलित नाम बहाल करने का फैसला कहा था। योगी ने दोहराया कि उनकी सरकार संतों, समाज सुधारकों और महापुरुषों के सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है।
ये भी देखे: रूस में मौजूद युवक का दावा- भारत में था ही नहीं, फिर भी NEET प्रदर्शन केस में दर्ज हुई FIR

