Monday, Nov 09

होम = Featured = भोपाल में खौफनाक वारदात: मां, पत्नी और दो बच्चों का गला रेता, फिर पिता ने भी दी जान

भोपाल में खौफनाक वारदात: मां, पत्नी और दो बच्चों का गला रेता, फिर पिता ने भी दी जान

by | Nov 2, 2026 | Featured

Bhopal Family Murder: भोपाल के छोला मंदिर थाना क्षेत्र में एक ही परिवार के चार सदस्यों की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घर के अंदर बुजुर्ग मां, पत्नी और दो मासूम बच्चों के शव बरामद हुए हैं। परिवार के मुखिया नरेंद्र साहू पर चारों की हत्या करने के बाद खुदकुशी करने की आशंका जताई जा रही है। उसका शव भी रेलवे ट्रैक पर मिला है। घटना के सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

घर के अंदर मिले मां, पत्नी और दो बच्चों के शव

जानकारी के मुताबिक, भोपाल के छोला मंदिर इलाके में रहने वाले नरेंद्र साहू ने कथित तौर पर अपनी मां, पत्नी और दोनों बच्चों का गला रेत दिया। इस घटना में चारों की मौत हो गई। घर के अंदर चारों के शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मृतकों की पहचान नरेंद्र साहू की मां सरस्वती साहू (50), पत्नी सोमलता साहू (29), बेटी कृति साहू (10) और बेटे खुश साहू (6) के रूप में हुई है।

रेलवे ट्रैक पर मिला नरेंद्र साहू का शव

परिवार के चार सदस्यों की हत्या के बाद नरेंद्र साहू का शव सूखी सेवनिया थाना क्षेत्र के चोपड़ा कलां स्थित रेलवे ट्रैक पर मिला। आशंका जताई जा रही है कि उसने ट्रेन के सामने आकर खुदकुशी कर ली।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस की शुरुआती जांच में यह आशंका सामने आई है कि नरेंद्र साहू (35) ने पहले अपनी बुजुर्ग मां, पत्नी और दोनों बच्चों की हत्या की और फिर रेलवे ट्रैक पर जाकर आत्महत्या कर ली। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

ये भी पढ़ें: अमेरिका के रिहायशी इलाके के पास विमान हुआ क्रैश, सड़क पर बना बड़ा गड्ढा; हादसे में 9 लोगों की मौत