होम = Cover Story Top = भोपाल में पुलिस कांस्टेबल पर नाबालिग से रपे का आरोप, साथी समेत दोनों गिरफ्तार

भोपाल में पुलिस कांस्टेबल पर नाबालिग से रपे का आरोप, साथी समेत दोनों गिरफ्तार

Bhopal Police Constable Rape Case: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में पुलिस विभाग को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। एक पुलिस कांस्टेबल पर नाबालिग छात्रा को बेटी के जन्मदिन के बहाने सरकारी आवास बुलाकर दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी और उसके साथी के खिलाफ केस दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों विशेष सशस्त्र बल (SAF) बटालियन में तैनात बताए जा रहे हैं।

जन्मदिन के बहाने सरकारी आवास बुलाने का आरोप

पुलिस के अनुसार, आरोपी कांस्टेबल पहले से नाबालिग के संपर्क में था। आरोप है कि उसने बेटी के जन्मदिन का कार्यक्रम होने की बात कहकर छात्रा को सरकारी आवास बुलाया। भरोसा कर वहां पहुंची छात्रा को कथित तौर पर बाहर नहीं जाने दिया गया और बंधक बना लिया गया। शिकायत के मुताबिक, इसके बाद कांस्टेबल ने उसके साथ दुष्कर्म किया। वहीं, उसका साथी अपने चार साल के बेटे के साथ घर के बाहर पहरा देता रहा, ताकि कोई अंदर न आ सके।

किसी तरह आरोपी के चंगुल से निकलने के बाद छात्रा घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिवार उसे लेकर थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई।

मेडिकल और फॉरेंसिक जांच जारी

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और उसके बयान दर्ज किए जा रहे हैं। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ फॉरेंसिक जांच भी जारी है। आरोपियों से पूछताछ कर पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है।

ADCP अनिल शर्मा ने बताया कि जहांगीराबाद थाना क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। उन्होंने कहा कि दोनों आरोपी SAF बटालियन में तैनात आरक्षक हैं और शिकायत के बाद गिरफ्तार किए जा चुके हैं। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर दोनों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़े: बांग्लादेश के राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने दिया इस्तीफा