Tuesday, Nov 10

होम = State = पत्नी का शौक पूरा करने के लिए पति बना चोर, शोरूम से उड़ाई 23 लाख की लग्जरी कार

पत्नी का शौक पूरा करने के लिए पति बना चोर, शोरूम से उड़ाई 23 लाख की लग्जरी कार

Volkswagen Virtus GT Theft: मध्य प्रदेश के भोपाल में एक कार शोरूम कर्मचारी ने करीब 23 लाख रुपये की फॉक्सवैगन वर्टस GT कार चोरी कर ली। यह कार एक ग्राहक के नाम पर बुक थी। आरोपी ने 28 सितंबर की रात शोरूम से कार निकाली और फरार हो गया। शुरुआत में किसी को इसकी भनक नहीं लगी, लेकिन कंपनी के स्टॉक मिलान के दौरान कार गायब होने का पता चला। पुलिस ने GPS की मदद से कार की लोकेशन ट्रेस की। गाड़ी आशिमा मॉल के पास मिली, जहां आरोपी की पत्नी उसे चला रही थी। पुलिस को देखते ही आरोपी मौके से फरार हो गया।

शोरूम की जानकारी का उठाया फायदा

पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान गजेंद्र उर्फ ऋषि आनंद के रूप में हुई है। वह मूल रूप से होशंगाबाद का रहने वाला है और भोपाल के अशोका गार्डन इलाके में किराए पर रहता है। वह पिछले करीब एक साल से जेके रोड स्थित फॉक्सवैगन शोरूम में काम कर रहा था। शोरूम में नौकरी के कारण उसे गाड़ियों की आवाजाही और वहां की व्यवस्था की पूरी जानकारी थी। इसी का फायदा उठाकर उसने कार चोरी की योजना बनाई। 28 सितंबर की रात वह ग्राहक के नाम पर बुक वर्टस GT लेकर निकल गया। स्टॉक मिलान में कार गायब मिलने के बाद शोरूम प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी।

CCTV में नहीं दिखा चेहरा, GPS से मिला सुराग

पुलिस ने शोरूम के CCTV फुटेज की जांच की, लेकिन आरोपी का चेहरा साफ नजर नहीं आया। इसके बाद कार में लगे GPS की मदद से उसकी लोकेशन ट्रेस की गई। शुक्रवार रात गाड़ी नर्मदापुरम रोड स्थित आशिमा मॉल के पास मिली। वहां आरोपी की पत्नी कार चला रही थी। पुलिस को देखते ही आरोपी गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। जांच में शोरूम कर्मचारी गजेंद्र उर्फ ऋषि आनंद की भूमिका सामने आई।

पत्नी को था महंगी गाड़ियों का शौक

पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी की पत्नी को महंगी गाड़ियों का शौक था और इसी को पूरा करने के लिए उसने कार चोरी की। हालांकि, पुलिस अभी यह पता लगा रही है कि पत्नी को कार चोरी होने की जानकारी थी या नहीं। अशोका गार्डन पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी की धारा 420 के तहत मामला दर्ज किया है। चोरी की गई कार बरामद हो चुकी है, जबकि आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वारदात में कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं। आरोपी की पत्नी से भी पूछताछ की जाएगी।

ये भी पढ़ें: महंगाई के खिलाफ जर्मनी में प्रदर्शन हिंसक, दुकानों में लूटपाट और पुलिस से भिड़े प्रदर्शनकारी