Bhutan Shintafu Lake Burst: भूटान में झील फटने से अचानक बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। गासा इलाके में शिंताफू झील से निकले पानी और मलबे ने भारी तबाही मचाई है। करीब 30 मिलियन की लागत से तैयार सोलर सिस्टम भी इसकी चपेट में आकर तबाह हो गया। मलबा सड़कों तक पहुंच गया है। इस घटना के बाद भारत के पश्चिम बंगाल और असम में भी अलर्ट जारी किया गया है।
भूटान की बाढ़ से भारत में भी बढ़ी चिंता
गुरुवार देर रात गासा जिले में झील फटने से सोलर सिंचाई परियोजना को नुकसान पहुंचा है और मलबा हाईवे तक पहुंच गया है। संकोश नदी में संभावित उफान के खतरे को देखते हुए असम और पश्चिम बंगाल में अलर्ट जारी किया गया है। बंगाल में 10 हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। हालांकि, अभी किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
बाढ़ में बहा सोलर सिंचाई सिस्टम
भूटान में बाढ़ के पानी ने पुनाखा के गुमा गेवोग इलाके में सोलर इरिगेशन लिफ्टिंग सिस्टम को नुकसान पहुंचाया है। अधिकारियों के मुताबिक, मो छू नदी में आई बाढ़ से डोचुखा-जोमलिंगथांग-रित्सा चिवोग में लगा यह सिस्टम तबाह हो गया। इसे इसी साल चिवोग के लोगों की पानी की जरूरत पूरी करने के लिए स्थापित किया गया था।
संकोश नदी में बढ़ सकता है जलस्तर, 5 जिलों में अलर्ट
भूटान में आई बाढ़ का पानी भारत की ओर बढ़ रहा है। इसे देखते हुए पश्चिम बंगाल के संकोश नदी के किनारे बसे 5 जिलों में अलर्ट जारी किया गया है। अधिकारियों ने नदी का जलस्तर बढ़ने की आशंका जताई है। फिलहाल बाढ़ का पानी इन इलाकों से करीब 50 से 60 किलोमीटर दूर है, लेकिन पानी के आगे बढ़ने पर निचले क्षेत्रों में बाढ़ का खतरा बढ़ सकता है।
ये भी पढ़ें: बिहार में बाढ़ का प्रकोप, चंपारण तटबंध टूटने से हजारों एकड़ की फसल नष्ट, घरों में घुसा पानी

