Binance CFO: क्रिप्टोकरेंसी एक्सचेंज Binance में बड़े बदलाव की खबर सामने आई है। कंपनी के मुख्य वित्त अधिकारी (CFO) कैसर एनजी ने पद छोड़ने का फैसला किया है। उनका यह कदम ऐसे समय आया है, जब महज एक सप्ताह पहले प्लेटफॉर्म से 6.3 अरब डॉलर की बड़ी चोरी हुई थी। इस साइबर हमले के पीछे उत्तर कोरिया से जुड़े समूह TraderTraitor का हाथ होने का संदेह जताया गया है।
Binance ने हैकिंग से अलग बताया इस्तीफे का कारण
Binance की सह-सीईओ यी हे ने ब्लूमबर्ग को बताया कि कैसर एनजी का जाना हालिया साइबर हमले से सीधे तौर पर जुड़ा नहीं है। उन्होंने कहा कि पांच साल से अधिक समय तक कंपनी में रहने के बाद एनजी ने नया काम शुरू करने का फैसला किया है। इसके लिए पिछले छह महीनों से बदलाव की तैयारी चल रही थी। उनकी जगह जस्टिन येक को नया CFO बनाया गया है। इस बीच Binance भरोसा बहाल करने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर काम कर रहा है।
2.85 अरब डॉलर की रकम फ्रीज, बाकी का पता नहीं
Binance ने कहा है कि हमले का पूरा वित्तीय नुकसान कंपनी उठाएगी, यूजर्स पर इसका असर नहीं पड़ेगा। कंपनी के मुताबिक, 2.85 अरब डॉलर की चोरी हुई संपत्ति फ्रीज या बरामद कर ली गई है, जबकि करीब 3.3 अरब डॉलर की बाकी रकम का अब तक पता नहीं चल पाया है।
ये भी पढ़ें: इंडिगो की फ्लाइट में हाईजैक की धमकी से हड़कंप, बेंगलुरु एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी

